बाराबंकी। मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान में अपेक्षित प्रगति नहीं मिलने पर डीएम ईशान प्रताप सिंह ने नाराजगी जताई। संबंधित विभागों और बैंक अधिकारियों को आपसी समन्वय बढ़ाकर योजना में तेजी लाने और जिले को मिले लक्ष्य की शत-प्रतिशत करने के निर्देश दिए।
कलेक्ट्रेट सभागार में सोमवार को जिला वाणिज्य बंधु, उद्योग बंधु और श्रम बंधु समितियों की संयुक्त बैठक में डीएम ने सीएम युवा योजना सहित विभिन्न योजनाओं और विकास कार्यों की समीक्षा की। बताया कि वित्तीय वर्ष 2026-27 में जिले को 1800 लाभार्थियों को योजना से जोड़ने का लक्ष्य मिला है।
इसके लिए पात्र युवाओं से अधिक से अधिक आवेदन कराने, व्यापक प्रचार-प्रसार करने और बैंकों के साथ नियमित समन्वय बनाकर ऋण स्वीकृति व वितरण की प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश दिए। बैठक में वाणिज्य बंधु समिति के तहत शहर की यातायात व्यवस्था, बाजार प्रबंधन, पार्किंग और अतिक्रमण के मामलों की समीक्षा की गई।