बाराबंकी। कांवरियों को लेकर बाराबंकी-बहराइच हाईवे पर भारी व कॉमर्शियल वाहनों के प्रवेश पर शनिवार रात से ही पाबंदी लगी है। सोमवार को भी यातायात परिवर्तन लागू रहा। पुलिस ने शहर में कांवरियों के लिए पैदल मार्ग बनाने के लिए बीते सालों की तरह बैरिकेडिंग तो की है, मगर इसका कोई लाभ नहीं मिल रहा है।
हालांकि लखनऊ से गोंडा, बहराइच, बलरामपुर जाने वाले वाहन अयोध्या हाईवे से होते हुए उधौली से बदोसराय, मरकामऊ होते हुए चौकाघाट निकल रहे हैं। कांवरियों की सुरक्षा के लिए शहर कोतवाली, मसौली व रामनगर पुलिस ने सड़क किनारे के गांवों से 10-10 लोगों को सड़क सुरक्षा मित्र के रूप में चयनित किया है, जो कांवरियों को सुगम यातायात दिलाएंगे। सीओ डॉ. बीनू सिंह ने बताया कि रात में भी पुलिस की गश्त लगातार जारी है।