विशुनपुर (बाराबंकी)। जिला न्यायाधीश पंकज सिंह ने शनिवार सुबह करीब 11 बजे ग्राम बसारा में प्रस्तावित ग्राम न्यायालय की भूमि का निरीक्षण किया। उन्होंने चिह्नित जमीन तक आवागमन के उचित साधन के साथ सुरक्षा व स्वच्छ वातावरण होने को न्यायालय परिसर की प्राथमिकता बताया।
इस दौरान मौजूद अधिवक्ताओं ने कहा कि आवागमन के दृष्टिकोण से ग्राम खेरिया और राजस्व ग्राम चक काजीपुर में खाली पड़ी सरकारी जमीन निर्माण होने से अधिवक्ताओं को काफी सहूलियत मिलेगी। इस पर जिला न्यायाधीश ने उपजिलाधिकारी राजेश कुमार विश्वकर्मा को निर्देशित किया कि ग्राम खेरिया व चक काजीपुर की प्रस्तावित भूमि की एक विस्तृत रिपोर्ट बनाकर भेजी जाए। ताकि इस पर विचार विमर्श किया जा सके। इस मौके पर अपर जिला जज व जनपद न्यायालय की अवस्थापना समिति के अध्यक्ष राजीव माहेश्वरम, ग्राम न्यायालय के न्यायाधीश ललित सिंह, एसडीएम राजेश विश्वकर्मा, नायब तहसीलदार अंकिता पांडेय, बार संघ अध्यक्ष प्रदीप कुमार निगम, महामंत्री संजय सिंह सहित अन्य लोग मौजूद रहे। (संवाद)