बाराबंकी। सड़क हादसों की घटनाएं थमने की जगह लगातार बढ़ती जा रही हैं। इसके चलते ही बीते 24 घंटे में अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हुए चार सड़क हादसों में एक दुकानदार व ट्रक चालक समेत तीन लोगों की मौत हो गई जबकि चार लोग घायल हुए हैं। पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को मिले शवों के बाद परिवार में कोहराम मचा है।
कुर्सी थाना क्षेत्र में शनिवार भोर करीब चार बजे किसान पथ पर गंगौली गांव के पास पहले से खड़े गिट्टी लदे डंपर में पीछे से आ रहा तेज रफ्तार ट्रक टकरा गया। हादसे में ट्रक का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने बमुश्किल ट्रक में फंसे ट्रक चालक व खलासी को बाहर निकाला। दो को गंभीर हालत में जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने पंजाब के गुरुदासपुर जिले के निवासी चालक संतोख सिंह (35) को मृत घोषित कर दिया। खलासी जसविंदर सिंह को एबुलेंस से लखनऊ के बीकेटी स्थित अस्पताल भेजा गया।
दूसरा हादसा लखनऊ सुल्तानपुर हाईवे पर हुआ। हैदरगढ़ कोतवाली क्षेत्र के बहरौली गांव निवासी दुर्गेश (28) शुक्रवार देर शाम बहादुरपुर गांव के अखंड प्रताप सिंह के साथ बाइक से लौट रहा था। हाईवे पर ग्राम्यांचल कॉलेज के डिवाइडर कट के पास अचानक मुड़े कंटेनर से उनकी बाइक टकरा गई। बाइक सवार दोनों घायलों को सीएचसी पहुंचाया गया। जहां दुर्गेश को डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया वहीं अखंड को केजीएमयू के ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया गया। बाइक चला रहा अखंड हेलमेट पहने था। इसी तरह मोहमदपुर खाला थाना के बसौली गांव निवासी रामविलास शुक्रवार देर शाम बाइक से अपने घर जा रहा था। बड्डूपुर कस्बे के निकट एक तेज रफ्तार मैजिक वाहन पीछे से आकर बाइक से टकरा गया। गंभीर रूप से घायल राम विलास को सीएचसी घुंघटेर में मृत घोषित कर दिया गया। चौथा हादसा फतेहपुर थाना क्षेत्र में हुआ। यहां मोहम्मदपुर खाला थाना क्षेत्र के छंगेपुर गांव का निवासी शिवम बाइक से पिता भीम कुमार व चाचा हरिलाल को लेकर फतेहपुर थाना क्षेत्र हैदरगंज में एक वैवाहिक कार्यक्रम में शामिल होने जा रहा था। फतेहपुर बाराबंकी मार्ग पर भदानेवा मोड़ के पास तेज रफ्तार कार से बाइक की भिड़ंत हो गई। हादसे में तीनों बाइक सवार घायल हो गए। भीम को जिला अस्पताल रेफर किया गया।