प्रधान व सचिव में तकरार, बिना ऑडिट लौटी टीम
संवाद न्यूज एजेंसी
दरियाबाद (बाराबंकी)। विकास खंड दरियाबाद के बरहुआ ग्राम पंचायत में प्रधान व पंचायत सचिव के बीच चल रही तकरार के कारण सोशल ऑडिट टीम लौट आई। हालांकि बीडीओ ने प्रधान के अस्वस्थ होने व कोऑर्डिनेटर ने टीम जाने की बात से ही इंकार किया है।
बरहुआ में प्रधान अमित सिंह व सचिव राधेश्याम मिश्र के मध्य तकरार तूल पकड़ने लगी है। बुधवार को सोशल ऑडिट करने टीम ग्राम पंचायत जाकर खाली हाथ लौट आई। यहां प्रधान व सचिव में तकरार के कारण विकास कार्य ठप है। वहीं सचिव ने ग्राम पंचायत का कार्यभार छोड़ने के लिए अधिकारियों को पत्र लिखा है। ग्राम प्रधान ने सचिव को उनके हिसाब से विकास कार्य न कराने का आरोप लगाया है।
बीडीओ नंद कुमार पांडेय ने बताया कि कोऑर्डिनेटर दीपा ने बताया कि टीम मौके पर गई थी, लेकिन प्रधान के अस्वस्थ होने के कारण टीम लौट गई है। जबकि कोऑर्डिनेटर दीपा ने बताया कि टीम गई ही नहीं है।