बाराबंकी। जिला अस्पताल में मरीजों की भीड़ को देखते हुए डिजिटल एक्सरे मशीन लगाई जाएगी। यह मशीन कक्ष संख्या 18 में लगी पुरानी मशीन को हटाकर उसके स्थान पर लगाने की तैयारी है।
जिला अस्पताल की ओपीडी में प्रतिदिन 1400 से 1600 मरीज आते हैं। इनमें से प्रतिदिन 100 से 125 लोगों को एक्सरे कराए जाते हैं। एक ही डिजिटल मशीन होने की वजह से जांच कराने के लिए मरीजों को घंटों लाइन में लगकर इंतजार करना पड़ता था। इससे मरीजों को काफी दिक्कतें होती थीं। इस समस्या से निपटने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। जिला अस्पताल के कक्ष संख्या 18 में पुरानी मैनुअल मशीन को हटाकर नई डिजिटल मशीन लगाई जाएगी। इस तरह से जिला अस्पताल में अब दो डिजिटल एक्सरे मशीनें हो जाएंगी इससे मरीजों को जांच के लिए अब लाइन में लगकर घंटों इंतजार नहीं करना होगा। सीएमएस डॉ. जेपी मौर्य ने बताया कि नई डिजिटल एक्सरे मशीन आ गई है इसके इंस्टॉलेशन की प्रक्रिया शुरू करा दी गई है। जल्द ही इसका लाभ मरीजों को मिलने लगेगा।
जुकाम, बुखार और खांसी के मरीज रहे ज्यादा
जिला अस्पताल की ओपीडी में मंगलवार को करीब 1405 मरीज देखे गए। इस दौरान सर्दी, जुकाम, बुखार और खांसी के मरीज सबसे ज्यादा रहे। सीएमएस ने बताया कि मौसम में उतार चढ़ाव की वजह से मरीजों की संख्या बढ़ी है सभी को इलाज की सुविधा मिले इसका पूरा प्रयास रहता है।