जिला अस्पताल में दवा काउंटर पर लगी मरीजों की लंबी कतार। -संवाद
बाराबंकी। मौसम में आए उतार-चढ़ाव की वजह से लोग बीमारियों की चपेट में आने लगे हैं। बृहस्पतिवार को जिला अस्पताल की ओपीडी में बुखार, पेटदर्द के साथ ही डायरिया के मरीज भी पहुंचे। प्राथमिक उपचार के बाद सभी घर भेज दिए गए। डायरिया की शिकायत पर पांच मरीजों को उनके परिजनों ने निजी अस्पतालों में भर्ती कराया गया।
जिला अस्पताल की ओपीडी में बृहस्पतिवार को करीब 1269 मरीज देखे गए। इनमें सर्दी-जुकाम व बुखार के अलावा पेटदर्द के मरीजों की संख्या ज्यादा रही। इस दौरान डायरिया के तीन मरीज पहुंचे, प्राथमिक उपचार के बाद सभी के परिजन उन्हें लेकर घर चले गए।
इसके अलावा रामकुमार, प्रवेश, विश्वनाथ, मनीषा व महेश को डायरिया की शिकायत पर परिजनों ने अलग-अलग निजी अस्पतालों में भर्ती कराया। चिकित्सा अधीक्षक डॉ. राजेश कुशवाहा ने बताया कि मौसम में उतार-चढ़ाव की वजह से अस्पताल में मरीजों की संख्या बढ़ रही है। मौजूदा समय में सर्दी-जुकाम, बुखार व पेटदर्द के अलावा डायरिया के मरीज भी इलाज के लिए पहुंच रहे हैं।