बाराबंकी। गंदगी से पटे धनोखर तालाब को संवारा जाएगा, पूरे तालाब की नए सिरे से सफाई कराई जाएगी। म्यूजिकल फौव्वरा लगाया जाएगा, झरना बनाया जाएगा और तालाब को खूबसूरत बनाने के लिए और भी कई कार्य कराए जाएंगे। इसके अलावा लंबी दूरी से आने वाले यात्रियों की सुविधा के लिए असेनी मोड़ के पास पड़ाव अड्डा बनाया जाएगा। डीएम सत्येंद्र कुमार ने बुधवार को शहर का करीब तीन घंटे तक भ्रमण किया और शहर को खूबसूरत बनाने के लिए कई और स्थान भी चिह्नित किए हैं।
जिलाधिकारी ने बताया कि असेनी के पास पड़ी जमीन पर ऑटो, टैक्सी और बसों के ठहराव के लिए पड़ाव अड्डा बनाया जाएगा। यहीं पर पड़ी सरकारी जमीन पर मॉर्निंग वाॅक के लिए पार्क विकसित किया जाएगा। बताया कि हाईवे किनारे सरकारी जमीन पर अवैध कब्जा मिला है, जिसे हटाकर यहां पर चौपाटी बनाई जाएगी जहां ई रिक्शा खड़े होंगे और चाट, खमोचे वाले अपना ठेला भी लगाएंगे। डीएम ने बताया कि उनके आवास के सामने जो भूमि पड़ी है वह सरकारी आवासों के लिए प्रस्तावित है, लेकिन जब तक शासन स्तर से स्वीकृति नहीं आती है तब तक लिए यहां पर बाउंड्री बनाकर इसे पाॅर्किंग स्थल बनाया जाएगा। रजिस्ट्री कार्यालय व आसपास खड़े होने वाले वाहन यहां पर पार्क किए जाएंगे।