फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Barabanki News: भक्तों ने सिद्धिदात्री के साथ किया कन्या पूजन

Tue, 24 Oct 2023 01:27 AM IST
लखनऊ ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, बाराबंकी
विज्ञापन
विज्ञापन
बाराबंकी। जिले भर में सोमवार को नवमी पर कन्या भोज, हवन, जागरण के साथ मां सिद्धिदात्री का पूजन किया गया। शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक मंदिरों, पंडालों व घरों में लोगों ने हवन-पूजन किया। इसी के साथ देवा मां के पंडालों में जागरण, कलशयात्रा आदि कार्यक्रम भी आयोजित किए गए। लोगों ने कन्याओं काे भोज कराकर पूजन किया। इसके अलावा कई लोगों ने व्रत का समापन भी किया।
विज्ञापन


शहर के बड़ी देवी मंदिर, गायत्री मंदिर, दूधेश्वर मंदिर और नगर पालिका परिसर में भक्तों ने हवन व कन्या पूजन किया। इसके अलावा आवास विकास स्थित मां की झांकी में विशाल जागरण का आयोजन किया गया। इसमें कलाकारों की प्रस्तुति से श्रोता मंत्रमुग्ध हो गए। सिद्धौर क्षेत्र के बीबीपुर स्थित मां दुर्गा मंदिर पर नवमी के दिन भक्तों का सैलाब उमड़ पड़ा। नवरात्र का व्रत रखने वालों ने मंदिर में हवन-पूजन करने के बाद व्रत समाप्त किया। मंदिर प्रशासन की ओर से हवन कुंडों की व्यवस्था की गई थी। लेकिन काफी संख्या में लोगों ने मंदिर के बाहर भी हवन पूजन कराया। इसके अलावा दूरदराज से आए लोगों ने बच्चों के मुंडन संस्कार भी कराए।

मसौली क्षेत्र के बड़ागांव में कलशयात्रा निकाली गई। दुर्गा मंदिर मढ़ी टोला से शुरू हुई कलशयात्रा गांव का भ्रमण करने के बाद पुन: मंदिर पहुंची। इस दौरान सिर पर कलश रखीं महिलाएं मां के जयकारे लगातीं और गीत गाती नजर आईं। इसके बाद कन्याओं को खीर, पूड़ी, हलवा आदि का भोज कराया गया। सिरौलीगौसपुर के डूडी गांव में देव स्थान पर सजे मां के दरबार में गांव के ही बच्चों ने कृष्ण-सुदामा मित्रता का मंचन किया। इसे देख लोग भावविभोर हो गए। कार्यक्रम में श्रीकृष्ण का अभिनय नितीश कुमार और सुदामा का पात्र पवन ने निभाया।
विज्ञापन


गायत्री शक्तिपीठ रामसनेहीघाट पर पंच कुंडीय पूर्णाहुति गायत्री महायज्ञ का आयोजन किया गया, जिसमें सैकड़ों लोगों ने यज्ञ में आहुतियां दीं। इसके अलावा क्षेत्र के मुरारपुर में नवदुर्गा पूजन महोत्सव का आयोजन किया गया। अयोध्या के जय मां ज्वाला जागरण परिवार अंजू झांकी ग्रुप की ओर से जागरण किया गया।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें