बाराबंकी। डीएलएड प्रशिक्षण (डिप्लोमा इन एलीमेंट्री एजुकेशन)- 2024 बैच एवं बैक परीक्षा 2022-23 के प्रथम सेमेस्टर की परीक्षा सोमवार से प्रारंभ हुई। डीएलएड परीक्षा में बाल विकास विषय के प्रश्नों ने प्रशिक्षुओं की समझ और तैयारी दोनों की परीक्षा ले ली। कई सवालों ने परीक्षार्थियों को उलझा दिया।
पहले दिन प्रथम पाली में बाल विकास विषय की परीक्षा हुई। कुल पंजीकृत 2,519 में से 2,336 प्रशिक्षु परीक्षा में शामिल हुए। दूसरी पाली में शिक्षण अधिगम के सिद्धांत विषय की परीक्षा शांतिपूर्वक संपन्न हुई। डायट प्राचार्य राजेश कुमार आर्य के निर्देशन में जिले के सात परीक्षा केंद्रों पर 27 से 29 अक्तूबर तक परीक्षाएं कराई जा रही हैं। सभी परीक्षा केंद्रों पर नकल विहीन परीक्षा कराने के लिए डायट से एक-एक पर्यवेक्षक नामित किए गए हैं। सचल दल प्रभारी वरिष्ठ प्रवक्ता अमित कुमार, आरपी यादव, शिखा साहू एवं गीतांजलि सिंह की टीम ने सभी परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। परीक्षा प्रभारी आरपी यादव ने बताया कि परीक्षा सकुशल व शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुई।
कई प्रश्न थे काफी उलझाऊ
फोटो: 22
समग्र रूप से पेपर अच्छा था, लेकिन वायगोत्सकी के सिद्धांत और सीएटी से जुड़े प्रश्न थोड़े पेचीदा थे। कुछ सवाल ऐसे थे जिन्हें समझने में समय लग गया। प्रश्नपत्र का स्तर प्रशिक्षणार्थियों की योग्यता के अनुरूप था।
- प्रियंका सिंह
पहले से थी तैयारी, नहीं हुई कठिनाई
फोटो: 23
मैंने पहले से ही बाल विकास के टॉपिक पर विशेष ध्यान दिया था। इसलिए परीक्षा में कठिनाई नहीं हुई। सवाल वैचारिक थे, लेकिन पाठ्यक्रम से बाहर नहीं थे।
- यशस्वी सिंह
संतुलित और स्तर के अनुरूप था पेपर
फोटो: 24
वायगोत्सकी के सिद्धांत जैसे सवाल हल करने में समय तो लगा, मगर पेपर संतुलित और स्तर के अनुरूप था। परीक्षा में अवधारणात्मक समझ को परखा गया है। रटने वाले छात्रों को थोड़ी मुश्किल हुई होगी।
- कमलेश अवस्थी