त्रिवेदीगंज (बाराबंकी)। बुखार के साथ ही जिले में डायरिया का प्रकोप भी गहराने लगा है। इसके चलते ही डायरिया व बुखार की चपेट में आकर एक किशोर की इलाज के दौरान मौत हो गई। गांव के दो अन्य लोग उल्टी दस्त व बुखार से पीड़ित होने पर निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। ग्रामीणों का कहना है कि सूचना दिए जाने के बाद भी स्वास्थ्य विभाग की टीम निरोधात्मक कार्रवाई के लिए गांव नहीं पहुंची।
देवीपुर गांव के शिवरतन का पुत्र आर्यन (6) रविवार की रात से उल्टी दस्त व बुखार से बीमार चल रहा था। तेज बुखार के बाद हालत बिगड़ने पर सोमवार सुबह उसे भिलवल के निजी अस्पताल में दिखाया गया, जहां से उसे लखनऊ के गोसाईगंज में निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। मंगलवार की सुबह इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। गांव निवासी धर्मेंद्र कुमार (28), उमेश कुमार की पुत्री शिवांगी (5) का इलाज भी उल्टी व दस्त की शिकायत के बाद समीप के एक निजी अस्पताल में चल रहा है।
सीएचसी अधीक्षक डॉ. प्रणव श्रीवास्तव ने बताया निजी अस्पताल में किशोर की मौत होने की जानकारी मिली है। गांव में स्वास्थ्य टीम भेजकर मरीजों की जांच करने के साथ उनका इलाज कराया जाएगा।