रामसनेहीघाट (बाराबंकी)। अयोध्या राजमार्ग पर पहले से खड़ी प्राइवेट बस में पीछे से तेज रफ्तार पिकअप टकरा गई। इससे पिकअप के खलासी की तत्काल मौत हो गई जबकि चालक गंभीर रूप से घायल हो गया जिसे जिला अस्पताल भेज दिया गया।
रविवार शाम रामसनेहीघाट कोतवाली क्षेत्र में अयोध्या हाईवे पर बडेला गांव के निकट एक होटल के सामने प्राइवेट बस खड़ी थी। इसी बीच अयोध्या की ओर से आ रही एक तेज रफ्तार पिकअप उसमें पीछे से टकरा गया। टक्कर इतनी तेज थी कि पिकअप का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। इससे पिकअप में बैठा खलासी फंस गया।
वाहन के टकराते ही आसपास के लोगों ने दौड़कर किसी तरह से पिकअप का गेट तोड़कर खलासी को बाहर निकाला लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी जबकि पिकअप चालक गंभीर रूप से घायल हो गया था। देवरिया जिले के थाना सलेमपुर अंतर्गत तिलौली गांव निवासी चालक सत्येंद्र गुप्ता ने मृत खलासी की पहचान सैफ अली के रूप में की है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।