बाराबंकी। एक फैक्टरी के मजदूर का शव मंगलवार को फंदे से लटका मिला है। पुलिस घटना की जांच कर रही है। पुलिस के मुताबिक बड्डूपुर क्षेत्र के कस्बा भगौली में सीमेंट की ईंटें बनाने वाली फैक्टरी में के एक मजदूर का शव मंगलवार सुबह संदिग्ध हालात में कारखाना के बाहर पेड़ में बंधे फंदे से लटका मिला। मौके पर पहुंची पुलिस ने छानबीन के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। पुलिस के मुताबिक मृतक की पहचान देवा क्षेत्र के ग्राम गौरिया निवासी सूरज रावत (22) पुत्र छत्रपाल के रूप में हुई। वह ईंट फैक्टरी में एक वर्ष से काम करता था। फैक्टरी के बाहर बबूल के पेड़ में बंधे चादर के फंदे से लटका मिला। हालांकि मृतक के परिवारीजनों ने पुलिस से कोई शिकायत नहीं की है। थाना प्रभारी गजेंद्र सिंह का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मौत का कारण स्पष्ट होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।