बाराबंकी। परिवहन विभाग की जांच में बृहस्पतिवार को 51 स्कूली वाहन अनफिट पाए गए। जीआईसी मैदान में लगाए गए शिविर में जांच के लिए मात्र 103 स्कूली वाहन ही पहुंचे जिसमें से 52 को ही फिटनेस प्रमाण पत्र मिल सका। फिटनेस के लिए वाहन न भेजने के वाले स्कूलों के खिलाफ कार्रवाई के लिए परिवहन विभाग ने डीआईओएस को पत्र लिखा है।
अपर मुख्य सचिव ने गत दिनों वीडियो क्रांफेंसिंग के जरिए डीएम व एआरटीओ प्रशासन को सभी स्कूली बसों की फिटनेस की जांच कराने के लिए निर्देश दिए थे। इस पर परिवहन विभाग ने स्कूलों को नोटिस देकर बृहस्पतिवार को जीआईसी मैदान में फिटनेस के लिए वाहनों भेजने को कहा था। ज्यादातर स्कूली वाहन फिटनेस के लिए नहीं पहुंचे। जिले में 523 स्कूली वाहन पंजीकृत हैं। उसमें चार सौ वाहनों का फिटनेस बाकी है। गुरुवार को फिटनेस के लिए जीआईसी मैैदान में केवल 103 वाहन ही पहुंचे। इन वाहनों में स्पीड गर्वनर, सीट बेल्ट, अग्निशमन यंत्र, फॉग लाइट, जीपीएस आदि की जांच की गई। इसमें 52 वाहन ही फिट पाए गए। इन वाहनों को फिटनेस प्रमाण पत्र दे दिया गया। शेष 51 अनफिट पाए गए स्कूली वाहनों को मानक को पूरा करने का निर्देश दिया गया है। एआरटीओ पंकज सिंह ने बताया कि कोविड-19 के चलते ज्यादातर स्कूल में बसों का संचालन नहीं हो रहा है। ऐसे स्कूलों को संचालन के पूर्व वाहनों का फिटनेस कराना जरूरी है। अपने वाहन का फिटनेस नहीं कराने वाले स्कूलों के खिलाफ कार्रवाई के लिए डीआईओएस को पत्र लिखा गया है।