बाराबंकी। जिले में अलग-अलग स्थानों पर हुए हादसों में दो लोगों की मौत हो गई। इन हादसों में एक व्यक्ति घायल हुआ जिसे अस्पताल भेजा गया।
बदोसराय क्षेत्र में मंगलवार सुबह हुए हादसे में ग्राम शिवपुरी थाना चिनहट, लखनऊ निवासी रामखेलावन (62) की मौत हो गई। वह बाइक पर पीछे बैठा था। बाइक चला रहा चंद्रपाल घायल हो गया। पुलिस के मुताबिक दोनों कोटवाधाम दर्शन करने जा रहे थे। बदोसराय क्षेत्र में ग्राम शेरअली पुरवा के पास सब्जी लदे पिकअप वाहन ने पीछे से टक्कर मार दी। इस हादसे में रामखेलावन की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस के मुताबिक चंद्रपाल (35) घायल हो गया लेकिन हेलमेट पहनने के चलते उसकी जान बच गई। उसे पुलिस ने सीएचसी सिरौलीगौसपुर पहुंचाया है। हादसे के बाद वाहन समेत चालक फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश कर रही है।
दूसरा हादसा जहांगीराबाद थाना क्षेत्र में हुआ जिसमें ट्रक के खलासी सिकंदर (19) निवासी ग्राम विजयनगर थाना गंगानगर, राजस्थान सोमवार रात पैदल सड़क पार कर रहा था। उसे किसी वाहन ने उसे टक्कर मार दी जिससे सिकंदर की मौके पर ही मौत हो गई। टक्कर मारने वाले वाहन के साथ चालक मौके से भाग निकला।