बाराबंकी। रामनगर इलाके में तेज रफ्तार डंपर की चपेट में आने से बाइक सवार युवक की जान चली गई। पुलिस के मुताबिक लोधौरा निवासी अजय वर्मा ऊर्फ रवि (22) महादेवा में दुकान लगाता था। रविवार दोपहर वह बाइक से महादेवा जा रहा था। लोधौरा मार्ग पर पेट्रोल पंप के पास सामने से आ रहे एक तेज रफ्तार डंपर ने उसे रौंद दिया। बाइक सवार अजय गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने इलाज के लिए सीएचसी रामनगर भेजा, जहां डॉक्टरों ने अजय को मृत घोषित कर दिया। उधर हादसे के बाद वाहन छोड़कर चालक फरार हो गया। डंपर को पुलिस ने कब्जे में ले लिया है।