बाराबंकी। जहांगीराबाद क्षेत्र में दो दिन पूर्व स्कूल से लौट रहीं परिषदीय स्कूल की दो शिक्षिकाओं को रास्ते में घेरकर छेड़छाड़ करने के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
दो गांवों के स्कूलों में तैनात महिला शिक्षक एक ही स्कूटी से शुक्रवार को छुट्टी के बाद घर लौट रही थी। आरोप है कि त्रिलोकपुर मार्ग पर हेतमपुर के पास दो युवकों ने छेड़छाड़ का प्रयास किया। युवकों की हरकत से सहमी शिक्षिकाएं भाग कर पास के गांव जा पहुंचीं और अपने परिवारीजनों को बताया और पुलिस को सूचना दी। शिक्षिकाओं ने बताया कि बाइक सवार युवक काफी दूर से उनका पीछा कर यह थे। सुनसान स्थान पर गाड़ी रुकवा कर छेड़छाड़ का प्रयास कर रहे युवकों की हरकत देख पास के खेत में काम कर रहे लोग दौड़े। इस पर आरोपी भाग गए। इस मामले में पुलिस ने एंटी रोमियो स्क्वायड ने भयारा मोड़ के पास से आरोपी विशाल निवासी हेतमपुर व कीरतन निवासी सिरौलीगौसपुर थाना बदोसराय को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक दोनों को कोर्ट में पेश किया जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।