बाराबंकी। जिले में कोरोना संक्रमितों की मौतों ने चिंता बढ़ा दी है। सोमवार को एक और बुजुर्ग की जान चली गई। तीन दिन में यह लगातार तीसरी मौत है। इसके साथ जिले में कोरोना से मरने वालों की संख्या 72 हो गई है। वहीं 16 और लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। इनमें सबसे ज्यादा संक्रमित मकराई मुस्तफाबाद और शहर के महर्षिनगर में पाए गए हैं।
शहर के दयानंदनगर निवासी आरएन पाठक (74) की कोरोना के चलते सोमवार सुबह लखनऊ के केजीएमसी में उपचार के दौरान मौत हो गई। परिवारीजनों के मुताबिक रविवार को तबीयत बिगड़ने और सांस लेने में दिक्कत होने पर आरएन पाठक को जिला अस्पताल की इमरजेंसी ले गए थे। हालत में कोई सुधार न होने पर उन्हें केजीएमसी में भर्ती कराया। कोरोना जांच में वे पॉजिटिव पाए गए। उन्हें कोविड अस्पताल में शिफ्ट कर दिया गया, जहां स्थिति और बिगड़ती गई। सोमवार को सुबह उनकी मौत हो गई। कोविड-19 के नोडल अधिकारी डॉ. केएनएम त्रिपाठी ने बताया कि कोरोना से व्यक्ति की मौत की सूचना पर प्रोटोकॉल के तहत शव का अंतिम संस्कार कराया गया है।
इसके अलावा सोमवार को जिले के मकराई मुस्तफाबाद में चार, शहर के महर्षिनगर में तीन और सूरतगंज के हेतमापुर में दो लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। इसके अलावा हरख के सेठमऊ, सिद्धौर के फिरोजाबाद, रघई गदिया, नवाबगंज पाटमऊ, भानपुर महुलारा, शाहपुर भगौली, नंदपुरवा सूरतगंज, बरसढ़िया व पचघरा में एक-एक संक्रमित समेत 16 और लोग बीमार पाए गए हैं। इनमें से ज्यादातर को होम आइसोलेशन में रखा गया है।