बाराबंकी। जिले में कोरोना का संक्रमण थमने का नाम नहीं ले रहा है। इसकी चपेट में आए व्यापारी समेत दो लोगों की जान चली गई। इसके साथ जिले में कोरोना से मरने वालों की संख्या 44 हो गई है। इसके अलावा शनिवार को 80 लोग और कोरोना की चपेट में आए हैं। संक्रमितों में छह मासूम, टेलीफोन, बैंक व स्वास्थ्य कर्मी शामिल हैं। जांच रिपोर्ट आने के बाद जिलाधिकारी ने संक्रमित मिले लोगों के इन इलाकों में प्रोटोकॉल के तहत कार्रवाई करने के आदेश दिए हैं।
शहर के मोहल्ला कमरिया बाग निवासी चंद्र प्रकाश चौरसिया (60) कैटरिंग का कारोबार करते थे। करीब 10 दिन पहले चंद्र प्रकाश की तबीयत बिगड़ने पर परिवारीजनों द्वारा जांच कराई गई तो वे कोरोना पॉजिटिव पाए गए थे। उन्हें उपचार के लिए हिंद अस्पताल में भर्ती कराया था। परिवारीजनों के अनुसार चंद्रप्रकाश की बाईपास सर्जरी हुुई थी। वे मधुमेह के मरीज भी थे। शनिवार को उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। कोविड-19 के नोडल अधिकारी एवं एसीएमओ डॉ. केएनएम त्रिपाठी ने बताया कि कमरियाबाग के कोरोना संक्रमित एक व्यापारी की मौत के बाद उनके शव का प्रोटोकॉल के तहत अंतिम संस्कार कराया गया है। शहर के मोहल्ला कटरा निवासी विजय कुमार शुक्ला (51) की शनिवार देर शाम मौत हो गई। कोरोना पॉजिटिव पाए जाने के बाद सात सितंबर को उन्हें मेयो अस्पताल में भर्ती कराया गया था। परिवारजनों ने इलाज में लापरवाही का आरोप लगाया है।
जिले में कोरोना के संक्रमण की चपेट में बच्चे भी आ रहे हैं। शनिवार को शहर में एक वर्षीय मासूम, मसौली में तीन वर्षीय, धरसनिया में छह वर्षीय, पूरे मिश्र गाजीपुर में पांच वर्षीय बालक, आवास विकास कॉलोनी में आठ वर्षीय तथा मोहम्मदाबाद में पांच वर्षीय बालक कोरोना पॉजिटिव पाया गया है। रिपोर्ट आने के बाद इन बच्चों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इसके अलावा सीएचसी जाटा बरौली परिसर में तीन लोग संक्रमित पाए गए हैं। स्टेट बैंक की देवा शाखा में एक, टेलीफोन विभाग कार्यालय में एक और राजकीय बालिका इंटर कॉलेज का एक कर्मचारी संक्रमण की चपेट में आ गया है। इन्हें होम क्वारंटीन किया गया है।
इसके अलावा सनौली में तीन, पूरे अमहिया में एक, देवीगंज चौराहा में एक, सुरजनपुर में एक, आशीर्वाद नर्सिंग होम में एक, अशोकनगर में एक, आवास विकास कॉलोनी में छह, हिंद अस्पताल में दो, धरसनिया में तीन, महर्षिनगर में चार, पटेलनगर में दो, पीरबटावन में तीन, पूरे मिश्र में तीन, भियामऊ में दो, रनापुर में दो, पीरपुर में दो, सराय इस्माइल में दो, शरीफाबाद में दो, सरायं मोहद्दीनपुर में दो, पोखरा में तीन, मालीपुर सहावर में एक, सेमरा में एक, सुभाषनगर में एक, अमोली कला मेेें एक समेत 80 और कोरोना पाजिटिव पाए गए हैं।