बाराबंकी। जिले में कोरोना संक्रमण गंभीर होता जा रहा है। इसकी चपेट में आए एक अधेड़ की उपचार के दौरान मंगलवार को मेयो अस्पताल में मौत हो गई। इसके अलावा जिले में 98 लोग पॉजिटिव पाए गए हैं। उनमें दो मासूम, बड्डूपुर थाने के सिपाही, दो चिकित्सक, आशा बहू, कचेहरी के कर्मचारी आदि शामिल हैं। कर्मचारी के संक्रमित मिलने के बाद बुधवार को प्रोटोकॉल के तहत कचेहरी को बंद रखने का निर्णय लिया गया है। मंगलवार को सबसे ज्यादा मरीज शहर के संतोषी माता मंदिर के निकट और मसौली के करपिया गांव में पाए गए हैं। उधर नवोदय विद्यालय के सभी कर्मचारियों की जांच रिपोर्ट निगेटिव आई है।
असंद्रा क्षेत्र के मीरापुर निवासी अमन जैदी (55) की कोरोना से मौत हो गई। परिवारीजनों के मुताबिक तबीयत खराब होने पर उपचार के लिए रायबरेली के निजी अस्पताल ले जाया गया था जहां जांच में अमन कोरोना पाजिटिव पाए गए। इसके बाद उपचार के लिए मेयो अस्पताल में भर्ती कराया जहां पर मंगलवार को मौत हो गई। सिद्वौर सीएचसी अधीक्षक डॉ. हरप्रीत सिंह ने बताया कि कोरोना से मौत होने की जानकारी मिली है टीम को प्रोटोकॉल के तहत कार्रवाई सुनिश्चित कराने और शव का अंतिम संस्कार कराने के निर्देश दिए गए हैं।
कोरोना की जांच में बड्डूपुर थाने के पांच सिपाही पाजिटिव पाए गए हैं। रिपोर्ट आने के बाद थाने के अन्य पुलिस कर्मियों में हड़कंप मच गया है। घुंघटेर सीएचसी के अधीक्षक डॉ. आरपी वर्मा ने बताया कि कोरोना संक्रमित मिले सिपाहियों को होम आइसोलेशन में रखा गया है। एसओ ने बताया कि थाना परिसर को सैनिटाइज कराया गया है। कचहरी के तीन कर्मचारी कोरोना संक्रमण की चपेट में आ गए हैं। जांच रिपोर्ट आने के बाद कर्मचारियों को होम आइसोलेशन में रखा गया है। प्रोटोकॉल के तहत कचहरी को बुधवार को बंद रखने का निर्णय लिया गया है।
फतेहपुर सीएचसी का एक और बुढ़वल का एक मासूम भी संक्रमण की चपेट में आ गया है।
इसके अलावा मसौली के करपिया गांव के 10, शहर के संतोषी माता मंदिर के पास रहने वाले छह, लखपेड़ाबाग में पांच, लक्ष्मणपुरी में एक, पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे निर्माण कंपनी का एक कर्मी, मुबारकपुर में एक, बढ़वल में एक, जगरावां में एक, सब्जी मंडी में एक, पूरे मित्तई में एक, लिल्हौरा में एक, छेदानगर में एक, रामसेवक स्कूल के पास एक, सैनी आटा चक्की के पास एक, भितरी पीरबटावन में एक, अंबेडकर पैलेस में एक, हिंद अस्पताल में एक, मुंशीगंज में दो, बुढ़वल में तीन, नहरवल में एक, रानेपुर में तीन, गेंहदवर में तीन, रानीमऊ में एक, रायपुर कटरा में दो, डमौरा में एक समेत जिले में 98 और लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। इनमें से ज्यादातर को होम आइसोलेशन में रखा गया है।