बाराबंकी। बहराइच हाईवे पर रविवार रात अचानक छुट्टा मवेशियों के आ जाने से एक कार अनियंत्रित हो गई। सड़क के किनारे मौजूद तीन युवकों को कार ने रौंद दिया। जिला अस्पताल से लखनऊ भेजे गए दो युवकों एक की मौत हो गई है।
पुलिस के मुताबिक आवास विकास कॉलोनी, गोंडा निवासी अनूप श्रीवास्तव रविवार रात कार से लखनऊ से जा रहे थे। मसौली क्षेत्र में हाईवे पर हसनापुर मोड़ के निकट सामने अचानक छुट्टा मवेशी आए गए। उनसे बचने की कोशिश के दौरान तेज रफ्तार कार असंतुलित हो गई। सड़क किनारे गुमटी के निकट खड़े तीन युवकों को रौंदते हुए कार पलट गयी। इस हादसे में पूरे किंहौली निवासी विपिन विश्कर्मा (24), पप्पू वर्मा (26) व अनुप वर्मा (28) गंभीर रूप से घायल हो गये। पुलिस ने तीन घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया जहां से विपिन और पप्पू की हालत गंभीर होने पर ट्रॉमा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया। विपिन की उपचार के दौरान मौत हो गई। उधर कोठी क्षेत्र के ग्राम सरायमीर के प्रधान बम बहादुर सिंह का बेटा लल्लन बाइक से घर लौटते समय रसूलपुर चौराहे के पास एक वाहन की टक्कर से घायल हो गया। उसे सीएचसी कोठी पहुंचाया गया जहां से डॉक्टर ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया।