बाराबंकी। कोरोना की चपेट में अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व भी आ गए हैं। सोमवार को कोरोना जांच रिपोर्ट पाजिटिव आने के बाद उन्होंने खुद को होम आइसोलेट कर लिया है तथा अपील की है इस बीच जो लोग उनके संपर्क में आएं है वह अपनी जांच स्वयं करा लें। इसके अलावा देवा थाने में तैनात एक दरोगा, सिरौलीगौसपुर ब्लॉक में तैनात एडीओ पंचायत समेत 116 लोग कोरोना पाजिटिव पाए गए हैं।
अपर जिलाधिकारी के मुताबिक वे दो तीन दिन से खुद को अस्वस्थ महसूस कर रहे थे। सोमवार को उन्होंने अपनी कोरोना जांच कराई। रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद उन्होंने खुद को होम आइसोलेट कर लिया है। पिछले दिनों संपर्क में आने वालों से एडीएम ने अपनी जांच कराने की अपील की है। इसके अलावा देवा थाने में तैनात एक दरोगा की जांच रिपोर्ट पाजिटिव आने के बाद अन्य पुलिस कर्मियों में हड़कंप मच गया है।
सीएचसी अधीक्षक डॉ. कैलाश शास्त्री ने बताया कि मंगलवार को अन्य पुलिस कर्मियों की जांच के लिए सैंपल लिया जाएगा। वहीं सिरौलीगौसपुर ब्लॉक के एक एडीओ पंचायत की रिपोर्ट में भी कोरोना पॉजिटिव आई है। एडीओ ने भी खुद को होम आइसोलेट कर लिया है। सीएचसी अधीक्षक डॉ. संतोष कुमार सिंह ने बताया कि ब्लॉक के अन्य कर्मचारियों का सैंपल मंगलवार को लिया जाएगा। अधिकारियों के कोरोना संक्रमण के चपेट में आने के बाद उनके कार्यालयों को बंद कर सैनिटाइज कराया जा रहा है। इसके अलावा जिला कारागार में निरुद्ध चार बंदी भी कोरोना संक्रमण की चपेट में आ गए हैं। इससे जेल के अन्य बंदियों में हड़कंप मचा हुआ है।