बाराबंकी। बारिश के चलते जिले में अलग-अलग स्थानों पर दीवार व छज्जा गिरने से एक महिला समेत तीन लोगों की मौत हो गई। महिला के पति व दो बच्चे घायल हो गए।
शहर के मोहल्ला पीरबटावन में शनिवार शाम व्यापारी सुजीत गुप्ता के मकान में प्लास्टर किया जा रहा था। इस दौरान राजमिस्त्री बालकराम (35) पुत्र संतराम निवासी गुलरिहा थाना जहांगीराबाद व सुजीत गुप्ता मकान की तीसरी मंजिल के छज्जे पर खड़े थे। स्थानीय लोगों के मुताबिक छज्जे का एक हिस्सा गिर गया जिससे दोनों लोग तीसरी मंजिल से गिर गए। उनकी मौके पर मौत हो गई। सूचना पर पहुंचे कोतवाल पंकज सिंह ने हादसे की जांच की। बताया कि दोनों के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
मोहम्मदपुर खाला क्षेत्र के ग्राम चौकी पुरवा मजरे पतौजा निवासी प्रकाश (40) अपनी पत्नी ज्ञानदेवी (35), पुत्र अंकित (5) और डेढ़ वर्षीय पुत्री सोनी शुक्रवार रात घर में सो रहे थे। आधी रात के करीब मकान एक कच्ची दीवार गिर गई। उसके मलबे में सभी सदस्य दब गए। जानकारी पर पहुंचे ग्रामीणों मलबे को हटाकर सभी को बाहर निकाला। सभी गंभीर रूप से घायल हो गए थे। उन्हें सीएचसी सूरतगंज पहुंचाया, जहां से जिला अस्पताल रेफर किया कर दिया गया। अस्पताल में ज्ञानदेवी (35) मौत हो गई है।