बाराबंकी। असंद्रा क्षेत्र में एक विवाहिता का शव रविवार सुबह घर में फांसी के फंदे से लटका मिला। सूचना पर पहुंचे मृतका के भाई ने बहनोई व उसकी प्रेमिका पर बहन की हत्या करने का आरोप लगाया। इस पर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
असंद्रा क्षेत्र के डिकसरी गांव निवासी मेराज अली की पत्नी गुड़िया बानो (35) का शव रविवार सुबह मकान की दूसरी मंजिल पर बरामदे में दुपट्टे से फांसी के फंदे से लटका मिला। इसकी सूचना पाकर कोठी क्षेत्र के पंडित पुरवा गांव से पहुंचे भाई मेराज अहमद ने हत्या का आरोप अपने बहनोई व उसकी प्रेमिका पर लगाते हुए पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने छानबीन के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मेराज अहमद ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि उसकी बहन गुड़िया का विवाह 14 वर्ष पूर्व मेराज अली के साथ हुआ था। उसके बहनोई का प्रेम संबंध एक महिला के साथ चल रहा था। इसके चलते कई बार कहासुनी हो चुकी थी। इसी बात को लेकर बहनोई ने अपनी प्रेमिका के साथ मिलकर गुड़िया की हत्या कर शव को फांसी के फंदे से लटका दिया। प्रभारी निरीक्षक असंद्रा अमर सिंह ने बताया कि विवाहिता के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। तहरीर मिली है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा।