बाराबंकी। सफेदाबाद क्षेत्र में अयोध्या हाईवे किनारे खड़े ट्रक से बृहस्पतिवार सुबह एक कार भिड़ गई। इस हादसे में कार सवार एक महिला की मौत हो गई। नौ लोग घायल हुए हैं।
पुलिस के मुताबिक शहर कोतवाली क्षेत्र के असेनी मोड़ के पास अयोध्या-लखनऊ हाईवे किनारे खड़े ट्रक से बृहस्पतिवार सुबह करीब पांच बजे लखनऊ की तरफ जा रही एक कार भिड़ गई। कार में दो महिलाओं समेत 10 लोग सवार थे। उनमें गीता (70) पत्नी शेष राम निवासी ग्राम छंगाडीह थाना ललिया जनपद बलरामपुर की मौके पर ही मौत हो गई। बलरामपुर के ही लालिया क्षेत्र के रहने वाले गोवर्धन (36), आज्ञाराम (70), सुरेश (22), बच्चाराम (70), सियाराम(70), राम अभिलाख (45), सीतापती(26), नंदनी (3) पुत्री रामराज और दामनी (5) पुत्री रामराज गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसे की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया। कोतवाल धर्मेद्र सिंह रघुवंशी ने बताया कि कार सवार लोग बलरामपुर से लखनऊ एक कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे। शायद कार चालक को झपकी आने के चलते यह हादसा हुआ।