बाराबंकी। एक युवती कमरे में संदिग्ध हालत में मृत मिली। भाई ने युवती की हत्या किए जाने की आशंका जाहिर की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस के मुताबिक रामसनेहीघाट क्षेत्र के सुखीपुर निवासी शिल्पी (21) पुत्री विजय कुमार सिंह शनिवार रात घर में अकेली थी। भाई संचित सिंह ने बताया कि वह अपनी पत्नी के साथ ससुराल गया था। पिता भी बाहर थे। रविवार सुबह संचित घर लौटा तो कमरे के अंदर शिल्पी मृत पड़ी थी। संचित का कहना है कि शिल्पी के गर्दन व शरीर के अन्य हिस्से में चोट के निशान थे। उसने बहन की हत्या की आशंका जताई है। सूचना पर कोतवाल आलोकमणि त्रिपाठी ने मौके पर पहुंचकर छानबीन की। बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट आने पर मौत का कारण स्पष्ट हो सकेगा। उसके आधार पर कार्रवाई की जाएगी।