बाराबंकी। राजश्री पान मसाले में घातक गैंबियर मिलाए जाने की पुष्टि हुई है। एफएसडीए की ओर से कराई गई जांच में मसाले में यह हानिकारक तत्व मिला है। रिपोर्ट आने के बाद विभाग एसीजेएम कोर्ट में वाद दायर कराने की तैयारी में है। ऐसे में यह खबर गुटखा खाने वालों के लिए एक तरह की सख्त चेतावनी है।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी पल्लवी तिवारी ने 23 अप्रैल 2025 को फतेहपुर के झिलगी में राजेंद्र की दुकान से और खाद्य सुरक्षा अधिकारी अनुराधा मिश्रा ने सिरौलीगौसपुर के मौलाबाद में दीपक की दुकान से तीन मई 2025 को राजश्री पान मसाले का नमूना जांच के लिए भेजा था। दोनों की जांच रिपोर्ट आ गई है। दोनों की रिपोर्ट में अनसेफ (असुरक्षित) लिखा है।
रिपोर्ट में लिखा है कि पान मसाले में गैंबियर मिलाकर बेचा जा रहा है। जांच रिपोर्ट आने के बाद विभाग ने विक्रेता और निर्माता दोनों को अपना पक्ष रखने के लिए नोटिस भेज दिया है। उन्होंने बताया कि गैंबियर कत्थे से मिलता-जुलता पदार्थ है। यह स्वाद और उपयोग में कत्थे जैसा ही होता है, लेकिन यह अलग पौधे से निकलता है। इसका इस्तेमाल हानिकारक होता है। इससे कई तरह की दिक्कतें आ सकती हैं। (संवाद)