सिरौलीगौसपुर (बाराबंकी)। बदोसराय थाना क्षेत्र में एक किशोरी की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। उसका शव फंदे पर लटका मिला। परिजनों ने पुलिस को सूचना दिए बगैर अंतिम संस्कार भी कर दिया। किशोरी के माता-पिता का भी एक वर्ष पूर्व सड़क दुर्घटना में मौत हो चुकी है। जिसके बाद अपने तीन भाई-बहन व वृद्ध बाबा व दादी की देखरेख वही करती थी।
बदोसराय क्षेत्र के श्यामनगर गांव निवासी स्वर्गीय गुरबख्श की पुत्री वर्षा (15) का शव शनिवार की दोपहर घर के कमरे में साडी के सहारे छल्ले से लटका देख छोटी बहन पूजा शोर मचाने लगी। इस पर पड़ोसी व अन्य ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। आननफानन ग्रामीणों ने शव को नीचे उतारा, लेकिन उसकी मौत हो चुकी थी। ग्रामीणों ने बताया कि वर्षा के परिवार में सात व पांच साल की दो बहनें, बाबा रामदीन उर्फ महंत व दादी हैं। उनका रो-रोकर बुरा हाल है। क्योंकि वर्षा ही बका ध्यान रखती थी। ग्रामीण प्रथमदृष्टया आत्महत्या बता रहे हैं, मगर चर्चाएं भी तरह-तरह की हो रही हैं। प्रभारी थानाध्यक्ष राजेश भारती ने बताया कि पुलिस को इस घटना के संबंध में कोई जानकारी नहीं है।
मोबाइल गायब होने से संदिग्ध हुई घटना
किशोरी की मौत के बाद लोग इसका कारण खोज रहे हैं। मौत के बाद घर पहुंचे रिश्तेदारों व करीबी लोगों ने उसका मोबाइल फोन गायब पाया। ग्रामीणों ने मोबाइल को लेकर तरह तरह की आशंकाएं प्रकट करते नजर आए। लोगों का कहना है कि मोबाइल से इसका खुलासा हो सकता है।