बाराबंकी। सतरिख थाना क्षेत्र के संदौली उमरपुर गांव निवासी गुड्डू प्रजापति (42) का शव बुधवार देर रात संदिग्ध हालात में गांव के बाहर बंद पड़े पालेसर में रस्सी से बने फंदे से लटका मिला। मामले की छानबीन में जुटी पुलिस का कहना है कि आगे की कार्रवाई पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण स्पष्ट होने के बाद तय होगी।
मृतक गुड्डू प्रजापति ऊर्फ रूपचंद्र के माता-पिता का निधन पहले ही हो चुका है। वह परिवार में इकलौता पुत्र होने के कारण उसने गांव में ही धान से चावल निकालने का पालेसर लगाया था। मगर यह काम करीब दो साल से ठप पड़ा था। गुड्डू के परिवार में दो पुत्री व एक पुत्र है। इसमें से एक पुत्री की शादी हो चुकी है। परिजनों ने बताया कि बुधवार को गुड्डू की पत्नी को बुखार था। शाम को बाजार से लौटने के बाद गुड्डू दवा लाने की बात कहकर घर से निकला था मगर देर शाम तक वापस नहीं लौटा।
इसके बाद 17 वर्षीय पुत्र नितिन व अन्य परिजन उसे खोजने पालेसर पर पहुंचे तो वहां बल्ली में बंधी रस्सी से उसका शव लटकते देख कोहराम मच गया। थानाध्यक्ष अमर कुमार चौरसिया ने बताया कि फिलहाल परिवार की तरफ से इस मामले में कोई तहरीर नहीं दी गई है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।