यूपी बोर्ड हाई स्कूल के परीक्षा परिणाम में एक बार फिर बेटियों ने प्रदेश की टॉप टेन की सूची में दूसरा और तीसरा स्थान हासिल कर जिले का मान बरकरार रखा है। ग्रामीण परिवेश में पली और बढ़ी होनहार बेटियों ने सुख सुविधाओं के मिथक को भी तोड़ दिया है।
जिले की पायनियर इंटर कॉलेज की प्रगति व देवा कस्बे के प्रतिभा इंटर कॉलेज नरैनी की छात्रा आमिना ने प्रदेश में संयुक्त रूप से दूसरा स्थान हासिल किया। तीसरे स्थान पर जैदपुर कस्बे में स्थित श्रीसांई इंटर कॉलेज की छात्रा प्रियांशु रहीं। वहीं इंटर में बीआरजी पब्लिक इंटर कॉलेज बरैय्या सूरतगंज की मानसी गुप्ता ने 94.6 प्रतिशत अंक प्राप्त कर जिला टॉप किया है।
इसके अलावा इंटर में ही महारानी लक्ष्मीबाई मेमोरियल इंटर कॉलेज की सपना वर्मा, श्री छोटेलाल इंटर कॉलेज खानपुर की अंजली वर्मा व इसी कॉलेज के विनय प्रजापति ने 93.6 प्रतिशत अंक हासिल कर दूसरा स्थान हासिल किया है। बेटियों की सफलता पर घर से लेकर विद्यालय तक अभिभावक से लेकर शिक्षक तक एक दूसरे को मिठाइयां खिलाकर खुशियां बांट रहे थे। बधाई देने वालों का तांता लगा रहा।
हाईस्कूल के मेधवी बोले
प्रगति की आईएएस बन देश सेवा करने की इच्छा
शहर के मोहल्ला कटेहलीबाग की रहने वाली प्रगति सिंह ने यूपी बोर्ड की हाई स्कूल परीक्षा में 95.33 प्रतिशत अंक पाकर प्रदेश में दूसरा स्थान हासिल कर जिले की लाज बचाई है। प्रगति पायनियर इंटर कॉलेज लखपेड़ाबाग की छात्रा हैं। माता सुमन सिंह टीचर व पिता सुशील सिंह नलकूप विभाग में ड्रॉफ्टमैन के पद पर कार्यरत हैं।
मन लगाकर पढ़ाई करना, गुरुजनों द्वारा पढ़ाए गए नोट्स का रिवीजन करने को ही वह सफलता का मूल मंत्र मानती हैं। प्रगति का कहना है कि स्कूल टाइम को छोड़कर वह 5-6 घंटे घर पर सेल्फ स्टडी करती थीं, उनकी ख्वाहिश आईएएस बनना व एंकरिंग करना है। राजनीति में पीएम मोदी व सीएम योगी को काफी लाइक करती हैं।
डॉक्टर बनने की है आमिना की तमन्ना
देवा कस्बे के हुज्जाजी पूर्वी-दो मोहल्ला निवासी आमिना खातून ने भी यूपी बोर्ड की हाई स्कूल परीक्षा में 95.33 प्रतिशत अंक पाकर प्रदेश में दूसरा स्थान हासिल कर अपने माता पिता के साथ जिले का नाम रोशन किया है। वह प्रतिभा इंटर कॉलेज नरैनी देवा की छात्रा हैं। मां नसरीन बानो हाउस वाइफ हैं और पिता चुनरी दुपट्टा बेंचने का काम करते हैं।
स्कूल के अलावा घर पर 3-4 घंटे पढ़ाई कर आमिना ने यह सफलता हासिल की है। उनका कहना है कि व डॉक्टर बनकर लोगों की सेवा करना चाहिती हैं। वे पर्यावरण की रक्षा के लिए पौधे लगाने व धूम्रपान से बचने की अपील करती हैं। माता-पिता व शिक्षकों को इस कामयाबी का श्रेय देती हैं। संदेश के तौर पर मुस्लिम लड़कियों को शिक्षा के क्षेत्र में आने आने का आह्वान भी करती हैं।
इंजीनियर बन भाई से कंधा मिलाएंगी प्रियांशु
जैदपुर थाना क्षेत्र के ग्राम टांटपुरवा निवासी किसान मुंशीलाल वर्मा की बेटी प्रियांशु वर्मा ने यूपी बोर्ड में 95.2 प्रतिशत अंक पाकर जिले के साथ अपने माता पिता व गांव का नाम रोशन किया है। प्रियांशु वर्मा श्रीसांई इंटर कॉलेज जैदपुर की छात्रा हैं।
इंजीनियर बनकर बड़े भाई इंजीनियर हिमांशु वर्मा से कंधे से कंधा मिलाकर मजबूत भारत के निर्माण में योगदान देना चाहती हैं। स्वामी विवेकानंद को अपना आदर्श मानते हुए समाज को एक सूत्र में बंधने का सपना भी संजो रखा है। पीएम मोदी द्वारा इंडिया को नई तकनीक से अन्य देशों से आगे लाने के प्रयास को वह काफी पसंद करती हैं।
इंटर में किसान की बेटी ने किया जिला टॉप
बोले मेधावी
आईएएस बन देश सेवा करेंगी मानसी
ग्रामीण अंचल के बीआरजी पब्लिक इंटर कॉलेज बरैय्या की छात्र मानसी गुप्ता सूरतगंज कस्बे की रहने वाली हैं। इंटरमीडिएट की परीक्षा में 94.6 प्रतिशत अंक पाकर जिले की टॉपर बनी मानसी आईएएस बन कर देश सेवा करना चाहती है।
उसने हाईस्कूल की परीक्षा में भी 86.83 अंक प्राप्त कर परिवार व कॉलेज का नाम रोशन किया था। मानसी के पिता पिता सोहन लाल किसान हैं तो माता सुधा गुप्ता हाउस वाइफ। वह अपनी सफलता का श्रेय भी अपने पापा मम्मी को देती है।
देश सेवा के लिए सपना करेंगी सिविल की तैयारी
महारानी लक्ष्मीबाई मेमोरियल इंटर कॉलेज, बाराबंकी की छात्रा सपना वर्मा ने इंटरमीडिएट की परीक्षा मेें 93.6 प्रतिशत अंक हासिल किया। उसकी मां गीता वर्मा हाउस वाइफ है तो पिता धर्मेंद्र पाल सिंह हेड कांस्टेबल है।
लखपेड़ाबाग की निवासी सपना ने हाईस्कूल में भी 89.2 प्रतिशत अंक प्राप्त किया था। वह अपनी सफलता का श्रेय पैरेंट्स को देती है।वहीं देश सेवा के लिए वह सिविल सर्विसेज की तैयार कर आईएएस व आईपीएस बनना चाहती है।
गरीबों को आत्म निर्भर बनाने के लिए शिक्षक बनेगी अंजली
मसौली ब्लॉक के भयारा के पास रहने वाली अंजली वर्मा ने इंटरमीडिएट की परीक्षा में 93.6 प्रतिशत अंक प्राप्त किया। अब वह शिक्षक बन गांव व गरीब के बच्चों को आत्म निर्भर बनाना चाहती है। अंजली ने पूर्व की शिक्ष कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय से प्राप्त की।
वर्तमान में वह श्री छोटेलाल इंटर कालेज खानपुर में पढ़ रही थी। अंजली को हाईस्कूल में भी 94 प्रतिशत अंक मिले थे। उसकी मां विमला देवी ग्रहणी तो पिता उदय सिंह किसान है। वह अपनी सफलता का श्रेय गुरुजन व अभिभावक को देती है।
इंजीनियर बनना विनय का सपना
ग्रामीण अंचल के श्री छोटेलाल इंटर कालेज खानपुर के छात्र विनय प्रजापति ने अपने मामा के घर रहकर पढ़ाई की है। इंटरमीडिएट में 93.6 प्रतिशत अंक पाकर विनय ने जिले की टाप फाइव की सूची में अपना नाम दर्ज कराया।
अब वह इंजीनियर बनना चाहते है। इससे पूर्व वह हाईस्कूल में 88 प्रतिशत अंक हासिल कर चुके है। उसकी मां अन्नू देवी आंगनबाड़ी कार्यकर्ता तो पिता संजय कुमार टैक्सी चालक है। विनय अपनी सफलता का श्रेय मम्मी-पापा व गुरुजनों को देते हैं।