जिला प्रशासन के अधिकतर विभागोें में पीड़ितों की शिकायतों का अंबार लगा है। यह शिकायतें फाइलों में सिर्फ उम्मीद के साथ बंद हैं। आमजन की आने वाली शिकायतें इस पटल से उस पटल भेजकर हर कोई अपनी बला टालने में लगा है। कई शिकायतें फाइलों में कैद होकर ही दम तोड़ देती हैं। शिकायत करने पर उन्हें अगले दिवस की तारीख दे दी जाती है या फिर फर्जी निस्तारण कर दिया जाता है।
इस साल संपन्न आठ तहसील दिवसों में कुल 2470 शिकायतों में सिर्फ 221 का ही निस्तारण हो सका है। सर्वाधिक शिकायतें राजस्व व जिले की कल्याणकारी योजनाओं से संबंधित बताई जा रही हैं। ग्रामीण अंचलों में तो फरियादियों की गुहार सरकारी फाइलों में दम तोड़ती दिख रही है। डीएम के गुणवत्तापरक और निर्धारित समयावधि में भूमि विवाद मामलों के निस्तारण के सख्त निर्देश पर भी सक्षम अधिकारी खरे नहीं उतर रहे हैं।
केस- 1
एक साल से लगा रहे चक्कर
नवाबगंज तहसील दिवस में आए दौलतपुर मोहब्ब्तपुर के ग्राम प्रधान राधेलाल चौरसिया ने बताया कि बीते 4 मई 2015 को विद्युत पोल टूटने से गांव की विद्युत आपूर्ति बाधित हो गई थी। तब से कई बार शिकायत की गई। 27 जुलाई 2015 को डीएम से शिकायत की गई। पावर कॉर्पोरेशन के अधिकारी खुलेआम सुविधा शुल्क की मांग करते हैं। 3 अगस्त 2015 को जैदपुर उपकेंद्र पर धरना प्रदर्शन भी किया गया। तहसील दिवस में कई बार शिकायत की गई। लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई।
केस- 2
फिर मिला आश्वासन
नवाबगंज तहसील दिवस में ट्राई साइकिल पाने की उम्मीद लेकर आया निशक्त श्यामलाल तहसील परिसर में फफक पड़ा। बांसा मसौली निवासी श्यामलाल ने बताया कि बीते पांच महीने से वह विकास भवन व तहसील दिवस में लगातार आ रहा है। लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। आज फिर जब उसे आश्वासन देकर लौटा दिया गया तो तहसील परिसर में फफक कर रो पड़ा। उसने पूर्व में दिए कागजात दिखाते हुए अफसरों की कारगुजारी व अपनी व्यथा सुनाई।
केस- 3
नहीं हुई कार्रवाई
फतेहपुर तहसील दिवस में ग्राम रीवा चपरी से आए रज्जू लाल ने बताया कि मेड़बंदी का आदेश 20 जनवरी 2015 को एसडीएम द्वारा दिया गया था। लेकिन लेखपाल की हीलाहवाली के कारण खेत की मेड़बंदी नहीं हो पाई। इसकी शिकायत कई बार एसडीएम से की गई। इसके बाद तहसील दिवस में दो बार की गई। लेकिन इस मामले में कोई कार्रवाई नहीं हुई। आज फिर प्रार्थना पत्र दिया है।
पूर्व में कमिश्नर ने पकड़ा था फर्जी निस्तारण का मामला
नवाबगंज तहसील में कमिश्नर फैजाबाद ने करीब डेढ़ वर्ष पूर्व तहसील दिवस में फर्जी निस्तारण का मामला पकड़ा था। तहसील दिवस के दौरान ही कमिश्नर ने निस्तारित की गई शिकायत की फोन से जांच की थी जिसमें मौके पर जाए बगैर ही कागजों में निस्तारित दिखा दी गई थी। बीते वर्ष रामसनेहीघाट में भी तहसील दिवस में कमिशभनर ने अधिकारियों को खुले तौर पर घर बैठे शिकायत निस्तारित नहीं करने की चेतावनी दी थी।
इस साल तहसील दिवस में आई शिकायतोें के निस्तारण की स्थिति
तहसील दिवस शिकायतें निस्तारित लंबित
05 जनवरी 2016 238 88
19 जनवरी 2016 390 24
03 फरवरी 2016 457 28
16 फरवरी 2016 274 18
01 मार्च 2016 251 10
14 मार्च 2016 196 11
06 अप्रैल 2016 425 25
20 अप्रैल 2016 239 221
कुल 2470 221
वर्जन-तहसील दिवस में आने वाली शिकायतों के निस्तारण के लिए सख्त निर्देश दिए गए हैं। कहीं कोई कर्मचारी लापरवाही करते मिला तो सख्त कार्रवाई होगी।
-अजय यादव, जिलाधिकारी