हैदरगढ़। लखनऊ-सुल्तानपुर हाईवे पर सोमवार शाम तेज रफ्तार कार की चपेट में आकर अमेठी के शिवरतनगंज के बसंतपुर गांव निवासी विजय कुमार साहू (55) की मौत हो गई।
पुलिस के अनुसार विजय हैदरगढ़ से साइकिल पर सवार होकर वापस घर जा रहे थे। भिखरा गांव के पास कार की जोरदार टक्कर लगी। स्थानीय लोगों के सहायता से पुलिस ने उनको सीएचसी हैदरगढ़ पहुंचाया, जहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया।
हादसे के बाद चालक कार लेकर भाग गया। सीओ समीर सिंह ने बताया कि परिजनों को सूचना देकर कार व चालक की तलाश की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज से पहचान की कोशिश हो रही है।
ट्रैक्टर की टक्कर से छात्र घायल
सूरतगंज। हेतमापुर-सूरतगंज मार्ग पर सोमवार को बंभनवा गांव के पास ट्रैक्टर की चपेट में आकर दुर्गापुर नौबस्ता निवासी पारसनाथ सिंह के पुत्र उमेश प्रताप सिंह (19) घायल हो गए। एंबुलेंस की मदद से उमेश को सीएचसी सूरतगंज लाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद युवक को जिला अस्पताल रेफर कर दिया। सीओ शक्ति सिंह ने बताया कि उमेश कोचिंग जा रहे थे। कार्रवाई की जा रही है।