शहर के धनोखर चौराहे पर दीपावली की शाम खरीददारी को जुटी भीड़।
बाराबंकी। दिवाली की शाम महालक्ष्मी पूजन का शुभ मुहूर्त नजदीक आ रहा था, वहीं बाजारों में ग्राहकों का तांता लगा रहा। शुभ मुहूर्त से ठीक पहले तक दुकानों के काउंटर गुलजार रहे। शहर से लेकर कस्बों तक प्रतिष्ठान रोशनी से नहाए रहे। धनतेरस से शुरू हुआ व्यापारिक उफान दिवाली की रात तक जारी रहा। इससे स्थानीय बाजार का कारोबार नए मुकाम पर पहुंच गया।
छाया चौराहा, धनोखर, घंटाघर, छाया और नाका सतरिख के मुख्य बाजारों में सुबह से ही ग्राहकों की भारी आवाजाही बनी रही। धनतेरस पर अत्यधिक भीड़ के कारण जो लोग वाहन, आभूषण, बर्तन या टीवी-फ्रिज जैसे इलेक्ट्रॉनिक उत्पाद नहीं खरीद सके थे, उन्होंने नरक चतुर्दशी को छोड़कर सीधे दिवाली के दिन खरीदारी की।
सराफा व्यवसायी अमित रस्तोगी ने बताया कि सोने-चांदी के दामों में आई हल्की नरमी से ग्राहकों का उत्साह बढ़ा। इससे अकेले सराफा बाजार का कारोबार 160 करोड़ रुपये के पार पहुंच गया। वहीं, ऑटोमोबाइल क्षेत्र में 125 करोड़ रुपये के वाहन बिके। वस्त्र और सजावटी सामान की दुकानों पर पहुंचे खरीदार राकेश कुमार और वंदना सिंह ने बताया कि इस बार बाजार में शानदार वैरायटी उपलब्ध रही। कुल मिलाकर दीपोत्सव पर जिले का व्यापार 450 करोड़ रुपये के आंकड़े को पार कर गया।
...................................................................
ऑनलाइन का दौर, फिर भी बाजारों में अटी भीड़
आज के डिजिटल और ऑनलाइन शॉपिंग के दौर में भी बाराबंकी के पारंपरिक बाजारों की चमक फीकी नहीं पड़ी। धनोखर और घंटाघर जैसे प्रमुख बाजारों में ग्राहकों की ऐसी भीड़ उमड़ी कि पैर रखने तक की जगह नहीं बची। ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर छूट मिलने के बावजूद लोगों ने स्थानीय दुकानों से ही खरीदारी को प्राथमिकता दी। व्यापारियों का कहना है कि त्योहार पर खुद बाजार जाकर सामान परखने और तुरंत खरीदने का जो आनंद है, उसका मुकाबला ऑनलाइन खरीदारी नहीं कर सकती।