लखनऊ मार्ग पर लक्ष्मनगढ़ चौराहे के पास कार की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत हो गई। वह मां व पत्नी को लेकर हैदरगढ़ जा रहा था। लोगों ने उन्हें सीएचसी पहुंचाया। युवक को जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया गया। रास्ते में उसकी मौत हो गई। बाइक सवार ने हेलमेट नहीं पहना था।
मंगलवार को कोठी थाने के चियारा गांव निवासी राममिलन (25) मां रानी व पत्नी जुगुरा को साथ लेकर बाइक से लखनऊ मार्ग पर हैदरगढ़ की ओर जा रहे थे। सुबह करीब दस बजे कार की सामने से टक्कर लगने से बाइक पर सवार तीनाें लोग घायल हो गए। लोगों ने तीनों को सीएचसी पहुंचाया, जहां से राममिलन को गंभीर अवस्था में जिला चिकित्सालय रेफर किया गया था।
रास्ते में मौत होने पर एंबुलेंस चालक ने पुलिस को घटना की सूचना दी। बाइक चला रहे राममिलन हेलमेट नहीं पहने था। मां व पत्नी का सीएचसी पर इलाज कर घर भेज दिया गया है। पुलिस ने कार को कब्जे में लेकर मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। थानाध्यक्ष श्रीधर पाठक ने कहा कि घटना की जानकारी पर कार को कब्जे में लिया गया है।