फतेहपुर कोतवाली क्षेत्र में मंगलवार सुबह एक युवक ने युवती पर अश्लील टिप्पणी की। युवती ने विरोध किया तो युवक ने उसकी पिटाई कर दी। भाई शिकायत करने आरोपी के घर पहुंचे तो उन पर भी हमला कर दिया। दोनों पक्ष के तीन लोग घायल हुए। पीड़ितों ने मामले की शिकायत पुलिस में की। पुलिस ने घायलों का सीएचसी फतेहपुर में मेडिकल कराया है।
घायलों को जिला अस्पताल रेफर किया गया है। फतेहपुर कोतवाली क्षेत्र के ग्राम उजरवारा पुरवा निवासी ज्ञान प्रकाश की पुत्री मंगलवार सुबह खेत गई थी। खेत के पास ग्राम गांगेमऊ निवासी युवक खड़ा था। उसने अश्लील टिप्पणी की। इसका युवती ने विरोध किया। जिस पर उसने युवती की पिटाई कर दी। घर पहुंची युवती ने परिवारीजनों को पूरी बात बताई।
इस पर युवती के दो भाई आरोपी के घर उलहना लेकर गए। शिकायत पर आरोपी युवक व अन्य ने दोनों भाइयों की लाठी-डंडों से हमला कर दिया। मारपीट में दोनों पक्ष से तीन लोग घायल हुए। पीड़ितों ने मामले की शिकायत पुलिस में की है।
पुलिस ने तीनों घायलों का उपचार व मेडिकल सीएचसी फतेहपुर में कराया है। तीनों घायलों की हालत गंभीर होने पर चिकित्सक ने उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया है। कोतवाल मोहन वर्मा ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। जांच कर कार्रवाई की जायेगी।