जिले में अलग-अलग हुए सड़क हादसों में वृद्ध समेत दो लोगों की मौत हो गई जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। हैदरगढ़ में पोखरा के करीब दहिला मोड़ पर शुक्रवार को अनियंत्रित डंफर और पिकप की जोरदार टक्कर में पिकअप के चालक और परिचालक घायल हो गए।
दोनों को सीएचसी लाया गया था जहां चालक की मौत हो गई तथा परिचालक को गंभीर अवस्था में जिला चिकित्सालय रेफर किया गया है। वहीं देवा कोतवाली क्षेत्र में बृहस्पतिवार की देर रात हुए सड़क हादसे मेें बाइक सवार एक वृद्ध की मौत हो गई।
कस्बा हैदरगढ़ में शुक्रवार की शाम को भाड़ा उतार कर पिकअप वापस बछरांवा जा रही थी। पोखरा के समीप दहिला पोखरा मार्ग की ओर से तेज गति से मुड़े डंफर के टकराने पर पिकअप चालक रायबरेली के कोतवाली बछारांवा के मोहल्ला धुलेंडी निवासी सुरेश पुत्र हुबलाल व परिचालक नूरुल हसन पुत्र मोहम्मद असलम घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने दोनो को सीएचसी पहुंचाया जहां चिकित्सक ने चालक सुरेश को मृत घोषित कर दिया है।
परिचालक को गंभीर अवस्था में इलाज के लिए जिला चिकित्सालय रेफर किया गया है। डंफर चालक मौके पर लोगों के आक्रोश से बचने के लिए वाहन छोड़कर भाग गया है। कोतवाल जेएल सोनकर ने कहा कि डंफर को कब्जे में लेकर मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है।
वहीं कोतवाली देवा क्षेत्र के इशेपुर गांव निवासी फूलचंद यादव (60) पुत्र बिहारीलाल बृहस्पतिवार की देर रात देवा से एक कार्यक्रम में शामिल होकर अपने घर जा रहे थे। अभी फूलचंद यादव पवैय्याबाद नहर के पास पहुंचे थे कि तभी पीछे से आए किसी अज्ञात वाहन ने इनकी बाइक में टक्कर मार दिया। टक्कर इतनी तेज थी कि हादसे में वृद्ध की मौके पर ही मौत हो गई। फूलचंद हेलमेट नहीं पहने थे।
हादसे के बाद चालक वाहन समेत भाग निकला। मामले की जानकारी पर पहुंची पुलिस ने वृद्ध के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। मृतक के पुत्र जैसीराम ने कहा कि अज्ञात वाहन व उसके चालक के खिलाफ कार्रवाई के लिए पुलिस से शिकायत की गई है।