जिले के अलग-अलग इलाकों में एक महिला और एक युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। महिला का शव घर के अंदर छल्ले से लटकता मिला तो युवक का शव आम के पेड़ झूलता पाया गया। दोनों ही मामलों में मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को नीचे उतार पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
बड्डूपुर थाना क्षेत्र के भगौली चौकी के पास आम की बाग में एक 30 वर्षीय अज्ञात युवक का शव शर्ट के सहारे लटका पाया गया। गुरुवार की सुबह करीब 8 बजे ग्रामीणों ने देखा तो मामले की सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को नीचे उतार उसकी जामा तलाशी ली लेकिन उसके पास कुछ नहीं निकला।
उसके दाहिने हाथ पर विजय लिखा था। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। सुबेहा थाना क्षेत्र के ग्राम गुरसहांय का पुरवा निवासी सुमाता (45) पत्नी नंदकुमार अपने चार बच्चों के साथ घर में रहती थी। महिला का पति दिल्ली में रहकर काम करता है।
महिला ने बुधवार की देर रात अज्ञात कारणों के चलते घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। सुबह बच्चों ने देखा तो मामले की सूचना गांव वालों को दी। ग्रामीणों ने पुलिस से मामले से अवगत कराया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। दोनों ही मामलों में किसी प्रकार की कोई शिकायत नहीं की गई है।