जहांगीराबाद थाना क्षेत्र में बेरिया गांव के पास भाई के साथ साइकिल से स्कूल जा रहे केजी के छात्र को रास्ते में ट्रैक्टर ट्रॉली ने रौंद दिया। इस दुर्घटना में केजी के छात्र की मौत हो गई जबकि उसका भाई चोटिल हुआ है। हादसे के बाद आक्रोशित लोगों ने मार्ग जामकर प्रदर्शन भी किया। मौके पर पहुंची पुलिस ने सभी को समझा बुझाकर शांत कराया है।
थाना जहांगीराबाद क्षेत्र के लहबड़पुरवा गांव निवासी अंकुर (5) पुत्र पप्पू बेरिया स्थित एक स्कूल में केजी का छात्र है। बृहस्पतिवार को अपने भाई आशीष (7) के साथ साइकिल से अंकुर स्कूल जा रहा था। तभी बेरिया गांव के समीप सामने से आ रही ट्रैक्टर-ट्रॉली ने साइकिल में टक्कर मार दी।
इस हादसे में जहां अंकुर की मौके पर ही मौत हो गई वहीं उसका भाई आशीष चोटिल हो गया। हादसे से नाराज लोगों ने सड़क जामकर प्रदर्शन करना शुरू कर दिया। जानकारी पर पहुंची पुलिस ने सभी को समझा बुझाकर शांत करवाया व मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
पुलिस ने हादसा करने वाली ट्रैक्टर-ट्रॉली को कब्जे में लिया है जबकि चालक भाग निकला है। हादसे का शिकार हुआ अंकुर तीन भाइयों में सबसे छोटा था। छात्र की मौत से उसके परिवारीजनों में शोक की लहर दौड़ गई है। प्रभारी निरीक्षक बीपी यादव ने बताया कि जिस ट्रैक्टर-ट्रॉली से हादसा हुआ है उसे थाने में लेकर चालक का पता लगाया जा रहा है।