गोरखपुर से लखनऊ जा रही ट्रेन का इंजन फेल हो जाने से ट्रेन आगे की बजाए उल्टी दिशा में चलने लगी जिससे यात्रियों में हड़कंप मच गया। करीब पांच सौ मीटर दूर जाने के बाद चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए किसी तरह ट्रेन को रोक लिया जिससे बड़ा हादसा टल गया।
सोमवार की सुबह गोरखपुर- गोमतीनगर एक्सप्रेस ट्रेन संख्या 15009 करीब पांच बजे बुढ़वल रेलवे स्टेशन के समीप पहुंची थी तभी अचानक इंजन फेल हो गया। जब तक चालक कुछ समझ पाता ट्रेन पीछे की तरफ खिसकने लगी तो गार्ड डीके श्रीवास्तव ने रेलवे स्टेशन पर फोन कर इस बारे में अफसरों को बताया। ट्रेन के पीछे की ओर चलने से यात्रियों में हडकंप मच गया और कुछ तो बाहर कूदने लगे।
करीब पांच सौ मीटर दूर तक ट्रेन पीछे की ओर जाने के बाद चालक ने उसे सूझ बूझ से रोक लिया। जीआरपी चौकी प्रभारी राजमणि ने बताया करीब चार घंटे ट्रेन खड़ी रहने के बाद सुबह साढ़े नौ बजे मालगाड़ी का इंजन लगाकर उसे आगे के लिए रवाना किया जा सका है।