सफदरगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत एक ट्रैक्टर चालक को कार सवार बदमाश ट्रैक्टर लूट कर फरार हो गए। बदमाशों ने चालक के हाथ-पैर बांधकर उसे रेलवे लाइन किनारे फेेंक दिया। इसके बाद ट्रैक्टर को ट्रॉली से अलग कर मौके से भाग निकले। मामले की जानकारी पर सक्रिय हुई पुलिस ने बदमाशों की तलाश शुरू की, लेकिन कोई सुराग नहीं लग सका है। पुलिस ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ लूट की रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू की है।
दरियाबाद थाना क्षेत्र के इटोरा गांव निवासी राम किशोर चौहान के ट्रैक्टर-ट्रॉली में सरकारी लकड़ी लादकर चालक सुशील अवस्थी निवासी ग्राम बिहुरा बुधवार की देर रात लखनऊ के गुड़ंबा जा रहा था। तभी सफदरगंज थाना क्षेत्र में लखनऊ-फैजाबाद हाईवे पर जलालपुर गांव के समीप एक कार पर सवार छह बदमाश पहुंचे और ट्रैक्टर-ट्रॉली को रोक लिया।
इसके बाद बदमाशों ने चालक के हांथ-पांव बांधने के बाद उसकी आंख में पट्टी बांध उसे लक्ष्बर बजहा गांव के समीप रेल लाइन किनारे फेंककर मौके से भाग निकले। रसौली के पास बदमाश ट्रॉली खड़ी कर ट्रैक्टर लेकर फरार हो गए। भोर के समय जब ग्रामीणों को इस बात का पता लगा तो मामले की जानकारी पुलिस को दी गई। जिसके बाद पहुंचे एसओ सफदरगंज अशोक कुमार ने घटना का जायजा लिया। लेकिन लुटेरों का सुराग नहीं लग सका है।
ट्रैक्टर मालिक रामकिशोर चौहान ने बताया कि टैक्टर ट्रॉली से सरकारी लकड़ी लादकर चालक उसे लखनऊ ले जा रहा था। जहां रास्ते में ट्रैक्टर लूट लिया गया है। इस मामले में पुलिस ने अज्ञात लुटेरों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर तलाश शुरू की है।
हाईवे पर सुस्त पुलिसिंग का फायदा उठा रहे लुटेरे
गैर जनपद चुनाव कराने के लिए पुलिस फोर्स जाने के चलते जिले के थानों में पुलिस का टोटा है। इसी का नतीजा है कि हाईवे पर पुलिसिंग काफी सुस्त हो गई है। इसी का फायदा उठाकर बदमाश आए दिन वारदातों को अंजाम दे रहे है।
ट्रैक्टर-ट्रॉली में लकड़ी लादकर जा रहे चालक को बंधक बनाने के बाद ट्रैक्टर लूटने का मामला सामने आया है। पीड़ित ने जो तहरीर दी है उसी आधार पर घटना में लूट की रिपोर्ट दर्ज की गई है। पुलिस टीम जांच कर रही है जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा। -शफीक अहमद, एएसपी दक्षिणी