जिले में विभिन्न क्षेत्रों में अलग-अलग हुए हादसों में तीन ने जान गंवाई। लोनीकटरा व सफदरगंज थाना क्षेत्र में ट्रेन से कटकर युवक व वृद्धा एवं शहर कोतवाली क्षेत्र में बाइक की टक्कर से एक महिला की मौत हो गई।
लोनीकटरा थाना क्षेत्र के दहिला गांव निवासी माधव का पुत्र अमित (30) शनिवार देर रात घर से निकला था। रात में वह घर नहीं लौटा। सुबह उसका शव गांव से थोड़ी दूरी लखनऊ-सुल्तानपुर रेल ट्रैक पर मिला।
गेटमैन कुलदीप ने किलोमीटर 1012-13 के मध्य रेल पटरी के समीप युवक का शव पड़ा होने की सूचना लोनीकटरा पुलिस को दी थी। पुलिस ने शिनाख्त के बाद शव पीएम को भेज दिया। थानाध्यक्ष श्रीधर पाठक ने कहा कि परिवारीजनों के अनुसार वह मानसिक तौर पर विक्षिप्त था। ट्रेन की टक्कर से उसकी मौत हुई है।
वहीं, दूसरा हादसा सफदरगंज थाना क्षेत्र में हुआ। जहां पर रेलवे ट्रैक किनारे रविवार को एक वृद्धा का क्षतविक्षत शव मिला। पुलिस ने मृतका की पहचान गौरा (80) पत्नी रामबिलास निवासी ग्राम देवरिया के रूप में की।
पुलिस ने बताया कि वृद्धा सफदरगंज में अपनी पुत्री आशा शुक्ला व दामाद के साथ रहती थी। बेटी आशा का कहना है कि उनकी मां रविवार सुबह घर से निकली थी जिसके बाद उनकी मौत की सूचना मिली। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पीएम को भेज दिया।
उधर, शहर कोतवाली क्षेत्र के आलापुर कुरौली गांव निवासी कलावती (55) अपने पुत्र रंजीत (30) के साथ बाइक से शनिवार रात लखनऊ स्थित रिश्तेदारी जा रही थी। तभी कुरौली के पास हाईवे पर इनकी बाइक में किसी अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दिया।
इस हादसे में गंभीर रूप से घायल हुए मां व बेटे को परिवारीजनों ने इलाज के लिए एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। मां की हालत बिगड़ने पर परिजन उन्हें इलाज के लिए लखनऊ लेकर गए जहां उनकी मौत हो गई है।