अपने घर से दो दिन से लापता एक युवक का शव शनिवार की सुबह नाले में पड़ा मिला। युवक के गले मेें चोट के निशान मिले हैं जिससे उसकी हत्याकर शव फेंके जाने की आशंका जताई जा रही है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
पुलिस पीएम रिपोर्ट मिलने के बाद मामले में कार्रवाई की बात कह रही है। मौके पर एसओ व सीओ ने भी पहुंचकर जायजा लिया। थाना जैदपुर क्षेत्र में हरख मार्ग पर शनिवार की सुबह नाले में एक युवक का शव बरामद हुआ है। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव नाले से निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
मृतक की शिनाख्त राकेश कुमार धानुक(35) पुत्र नन्हेंलाल धानुक निवासी मोहल्ला उदयगंज, कोतवाली हजरतगंज के रूप में हुई। पुलिस को मृतक के पास से एक आधार कार्ड मिला व अशोक ब्रास बैंड जैदपुर के का विजिटिंग कार्ड बरामद हुआ। जिसके बाद पुलिस ने जांच में पता लगाया कि राकेश जैदपुर में ब्रास बैंड में गाना गाने का काम करता था।
मृतक के भाई राजेश ने बताया कि राकेश दो दिन से घर से लापता था। मृतक राकेश काफी लंबे समय से जैदपुर के मोहल्ला मुक्खिन में रहता था। बताया जा रहा है कि राकेश नशे का भी आदी था इससे भी उसकी नाले में डूबकर मौत होने की बात कही जा रही है। मृतक के गले में चोट के निशान मिले हैं व शरीर मेें पैंट शर्ट पहने हुए था। पैर के जूते गायब मिले हैं।
इन सभी बाताें से युवक की हत्या होने की भी आशंका जताई जा रही है। हालांकि मृतक के परिवारीजनों ने किसी के खिलाफ कोई शिकायत पुलिस से नहीं की है। मामले की जानकारी पर सीओ सदर तौकीर अहमद खान व एसओ अशोक कुमार भी मौके पर पहुंचे और घटना की जांच की। सीओ ने बताया कि पीएम रिपोर्ट में ही मौत का कारण पता लग सकेगा। कहा लगता है युवक की मौत पानी में डूबने से हो गई है।
नाले के पास ही लगती है पुलिस पिकेट
जैदपुर इलाके में जिस नाले में युवक का शव मिला है उसी के पास प्रत्येक दिन पुलिस की पिकेट लगती है और यहां पर दिन व रात में पुलिस तैनात रहती है। ऐसे में दो दिन तक नाले मेें एक युवक का शव पड़ा रहा और पुलिस इससे बेखबर रही। पुलिस की इस लापरवाही से क्षेत्र में आए दिन वारदातें हो रही हैं। लेकिन इसके बावजूद अधिकारी किसी पुलिसकर्मी पर कार्रवाई नहीं कर रहे है।