दरियाबाद थानाक्षेत्र में एक युवती का वस्त्रविहीन शव नहर में बरामद हुआ है। पुलिस शव करीब एक माह पुराना होने की बात कह रही है। शव इतना सड़ चुका है कि उसकी शिनाख्त नहीं हो सकी। युवती की हत्या करने के बाद शव नहर में फेंके जाने की आशंका स्थानीय ग्रामीणोें द्वारा जताई जा रही है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम के बाद ही युवती की मौत का कारण पता लग सकेगा।
थाना दरियाबाद क्षेत्र के चमरौली गांव के पास से निकली शारदा सहायक नहर में बृहस्पतिवार देर शाम एक युवती का वस्त्रविहीन शव झाड़ियों में फंसा था। ग्रामीणों ने जब नहर मेें युवती का शव पड़ा देखा तो इस बारे में पुलिस को जानकारी दी। इस दौरान यहां लोगों की भीड़ लगी रही।
जिसके बाद पहुंची पुलिस ने युवती के शव को नहर के पानी से बाहर निकलवाया। पुलिस की माने तो युवती की उम्र करीब 25 वर्ष के आसपास होगी। आसपास के लोगों से पुलिस ने युवती की पहचान कराने का प्रयास किया लेकिन उसकी शिनाख्त नहीं हो सकी है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज मामले की जांच पड़ताल शुरू की है।
युवती का शव वस्त्रविहीन होने से उसकी हत्या व दुराचार करने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण पता लगने पर ही इस मामले में आगे की कार्रवाई होगी। थानाध्यक्ष दरियाबाद अशोक कुमार सिंह ने बताया कि मृतका की उम्र करीब 25 वर्ष होगी। मृतका की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस जांच पड़ताल कर रही है।