क्षेत्र के मनोरथपुर गांव के पास एक युवक की ईंट से सर व चेहरा कूचकर निर्मम हत्या कर दी गई। युवक का शव गांव के बाहर खेत मेें पड़ा मिला। मामले की जानकारी पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज कार्रवाई शुरू की है। मृतक के भाई की तहरीर पर पुलिस ने गांव के ही एक नामजद व कुछ अज्ञात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू की है। हत्या के पीछे भूमि विवाद का कारण बताया जा रहा है।
जैदपुर थाना क्षेत्र के ग्राम मनोरथपुर गांव के बाहर सोमवार की सुबह खेत में एक युवक का शव मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मृतक के पास मिले मोबाइल फोन के आधार पर उसकी पहचान ग्राम छतौनी निवासी रामानंद वर्मा(35) पुत्र जगजीवन के रूप में की। युवक के सर व चेहरे पर ईंट से हमला किया गया था।
मृतक के भाई रमाकांत ने बताया कि मनोरथ गांव में रविवार को मेले का समापन होना था। इसलिए रात में नौटंकी का भी प्रोग्राम था जहां पर रामानंद गया हुआ था। मृतक की पत्नी सुनीता ने बताया कि रामानंद रविवार को दिन में कहीं गए थे और शाम को लगभग सात बजे घर आए और खाना खाकर मेला देखने चले गए थे।
उनके साथ गांव के रवि पुत्र कमलेश गए थे। देर रात तक जब रामानंद घर नहीं आए तोे सभी लोगों ने समझा कि गांव के मेले में नौटंकी देखने चले गए होंगे। जिसके बाद सोमवार की सुबह जब रामानंद की हत्या की सूचना मिली तो परिवारीजनों में शोक की लहर दौड़ गई है।
भूमि विवाद में तो नहीं हुई हत्या
मृतक की पत्नी सुनीता व भाई परमानंद ने बताया कि गांव के ही रवि व रामानंद के बीच जमीन के विवाद को लेकर रंजिश चल रही थी। कई बार झगड़ा भी हुआ था। आरोप है कि रवि ने रामानंद को जान से मार देने की धमकी भी दी थी और इसी के चलते उसकी हत्या की गई है। सर व चेहरे पर्र इंट के वार इतने बेरहमी से किए गए हैं, जिससे लगता है कि हत्याआरोपी काफी गुस्से में थे। भाई की तहरीर पर पुलिस ने रवि को नामजद व उनके कुछ अन्य साथियों के खिलाफ हत्या समेत कई धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
घटना स्थल पर पहुंचे अधिकारी
घटना की सूचना मिलते ही सीओ सदर श्रीपाल यादव, एएसपी दक्षिणी शफीक अहमद, प्रभारी निरीक्षक विजय मल्ल यादव घटना स्थल पर पहुंचे और मामले की जांच की। सीओ सदर ने बताया कि इस मामले में एक नामजद व उसके कुछ अज्ञात साथियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच की जा रही है। कहा कि हत्या के पीछे भूमि विवाद का मामला सामने आ रहा है, लेकिन जंांच पूरी होने के बाद ही पूरी हकीकत स्पष्ट हो सकेगी। हत्याआआरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।