हैदरगढ़ के घरकोइंया गांव से पास दौलतपुर चौराहे पर पिता के साथ बाल कटवाने गए तीन वर्ष के मासूम की अनियंत्रित ट्रक की चपेट में आने से मौत हो गई। दुर्घटना की सूचना तत्काल कंट्रोल रूम में देने पर पुलिस ने भाग रहे ट्रक को रोक लिया। मगर चालक मौके से भाग गया।
घरकोंइया निवासी जगदेव अपने पुत्र दीपांशु (3) के बाल कटवाने के लिए मंगलवार को उसे लेकर दौलतपुर चौराहे पर गए थे। दोपहर करीब डेढ़ बजे भिटरिया की ओर से आ रहा ट्रक एक वाहन को ओवरटेक करने के चक्कर में अनियंत्रित होकर सड़क की दाहिनी पटरी पर आ गया।
इससे वहां खड़ा दीपांशु ट्रक की चपेट में आकर घायल हो गया। स्थानीय लोगों ने तत्काल दीपांशु को सीएचसी पहुंचाया जहां से गंभीर अवस्था में उसे ट्रॉमा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया गया। घरकोंइया के प्रधान प्रतिनिधि माता बदल ने बताया ट्रॉमा सेंटर में इलाज के दौरान दीपांशु की मौत हो गई। हादसे की सूचना स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस कंट्रोल रूम में दी। जिसके बाद हरकत में आई पुलिस ने रेलवे क्रॉसिंग पर घेराबंदी की।
इस पर चालक ट्रक छोड़कर भाग गया। एसएसआई अजीत सिंह ने कहा ट्रक कब्जे में लेकर चालक की तलाश की जा रही है। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी। उधर इकलौते बेटे दीपांशु की मौत से जगदेव के घर में कोहराम मचा है। परिवारीजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मासूम की मौत से गांव के लोग भी दुखी हैं।