सतरिख कस्बा स्थित एक मंदिर के पुजारी पर कुछ लोगों ने जानलेवा हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल पुजारी को सीएचसी में भर्ती कराया गया है। वहीं इस घटना के विरोध में ग्रामीणों ने बाराबंकी-सतरिख मार्ग जामकर प्रदर्शन भी किया। पुलिस इस वारदात के पीछे भूमि विवाद का मामला बता रही है।
सतरिख स्थित हनुमान मंदिर में सूरजपुरी बाबा पुजारी हैं। सोमवार की दोपहर कस्बे के ही धर्मेद्र, शिवशंकर, निर्मल, संतोष आदि ने पुजारी पर लाठी, डंडों से हमला बोल दिया। इसमें पुजारी गंभीर रूप से घायल हो गए। पुजारी के घायल होने की सूचना मिलते ही ग्रामीण आक्रोशित हो उठे और बाराबंकी-सतरिख मार्ग जामकर प्रदर्शन करना शुरू कर दिया। ग्रामीणों ने घायल पुजारी को सीएचसी में भर्ती करा घटना की रिपोर्ट दर्ज करने की मांग की है। सीओ सदर विशाल विक्रम सिंह व एसओ जितेंद्र सिंह सेंगर ने सभी को समझा कर शांत करवाया।
एसओ ने बताया कि मंदिर की कुछ जमीन का विवाद है जिसको लेकर यह मारपीट हुई है। एसओ ने कहा घटना में जो भी शिकायत पुलिस से की गई है उसी के आधार पर जांच कर जो भी दोषी होगा, कार्रवाई की जाएगी।