प्रवेश पत्र लेकर घर लौट रही हाईस्कूल की छात्रा ने शारदा सहायक नहर में छलांग लगा दी। ग्रामीणों के प्रयास से जब तक उसे नहर से बाहर निकाला जाता, तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
फतेहपुर कोतवाली क्षेत्र के ग्राम खेरिया निवासी अजयपाल की (16) वर्षीय पुत्री रागिनी वर्मा उर्फ रोली कस्बे के नेशनल इंटर कॉलेज में हाईस्कूल की छात्रा थी। शुक्रवार की सुबह हाईस्कूल का प्रवेश पत्र लेने के लिए वह विद्यालय आई थी।
प्रवेश पत्र मिलने के बाद वह साइकिल से घर लौट रही थी, तभी फतेहपुर-बेलहरा मार्ग पर शारदा सहायक नहर पुल के पास अपनी साइकिल खड़ी कर नहर में छलांग लगा दी। राहगीरों ने छात्रा के नहर में कूदने की सूचना 100 नम्बर पर दी। देवखरिया पुरवा के पास ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद छात्रा को बाहर निकाल लिया लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
कोतवाल फतेहपुर विकास पांडेय का कहना है कि छात्रा के नहर में छलांग लगाने की जैसे ही सूचना मिली मौके पर पुलिस भेजी गई थी लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। छात्रा के नहर में छलांग लगाने के पीछे क्या कारण है इसका पता लगाया जा रहा है।
पिता का रो-रोकर बुरा हाल
मृतक छात्रा के पिता अजयपाल किसान हैं। बेटी की मौत की सूचना पर पिता का रो-रोकर बुरा हाल था। पीड़ित पिता ने बताया कि उसकी चार लड़कियां कल्पना, रूबी, रागिनी, संध्या व एक पुत्र रोहित है। जिसमें कल्पना की शादी हो चुकी है। उसने बताया कि उसकी पुत्री रागनी पढ़ाई में काफी अव्वल थी और हाईस्कूल परीक्षा की जोर-शोर से तैयारी कर रही थी।