कोतवाली स्थित हैदरगढ़ रेलवे स्टेशन पर रात को आईटीबीपी 26वीं बटालियन के जवान की सल्फास खाने से मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मृतक जवान के मोबाइल फोन से परिवारीजनाें को घटना की जानकारी देकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। वह लुधियाना से अपने घर बिहार जा रहा था। उसकी जेब से सल्फास की गोलियां बरामद हुई हैं।
हैदरगढ़ रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म पर बने मंदिर के पीछे शुक्रवार रात को करीब साढ़े 11 बजे एक वान युवक उल्टी करते हुए जोर-जोर से चिल्लाने लगा। चीख सुनकर स्टेशन कर्मी और दूसरे लोग वहां पहुंचे तो वह जमीन पर दर्द से छटपटा रहा था, लेकिन जब तक उसे अस्पताल ले जाने की कोशिश करते उसने दम तोड़ दिया। वहां मौजूद लोगों ने पुलिस कंट्रोल रूम को घटना की सूचना दी।
जिसके बाद एसआई अनूप यादव वहां पहुंचे। तलाशी लेने पर उसके जेब से मिले आई कार्ड से उसकी पहचान इंडो तिब्बत बॉर्डर पुलिस के जवान धर्मेंद्र यादव (28) पुत्र कुंज बिहारी निवासी एनएच 84 निरंजनपुर थाना सीमपुर जिला बक्सर के रूप में हुई।
पहचान पत्र के आधार पर वह आईटीबीपी 26वीं बटालियन का जवान लुधियाना में तैनात था तथा लुधियाना से पटना का टिकट खरीद कर अपने घर बिहार जा रहा था। स्टेशन सूत्रों के अनुसार वह शुक्रवार दोपहर में स्टेशन पर उतरा होगा। क्योंकि हैदरगढ़ स्टेशन पर हावड़ा अमृतसर एक्सप्रेस भी रुकती है।
रेल कर्मियों का कहना है कि दोपहर या शाम को जवान को यहां किसी ने नहीं देखा। संभवत: ट्रेन से उतर कर जवान ने हैदरगढ़ कस्बे में किसी दुकान से सल्फास की गोलियां खरीदीं तथा वापस स्टेशन पर लौट कर गोली खा कर लेट गया। पुलिस ने मृतक की जेब से सल्फास की कई डिब्बी बरामद की हैं तथा सल्फास का एक पैकेट खुला हुआ उसके समीप पड़ा मिला है।
मृतक के मोबाइल फोन से मिले नंबर के आधार पर उसकी बटालियन व ससुराल को घटना की सूचना दी गई है। एसआई अनूप यादव ने कहा घटना की सूचना रेलवे पुलिस को दी गई लेकिन उनके पहुंचने में विलंब होने के कारण मृतक जवान की बटालियन व उसके घर को सूचना देकर शव को पोस्ट मार्टम के लिए भेजा गया है। कहा कि जहर खुरानी व अन्य कोई घटना होने की संभावना नहीं है।
आने से मना किया ससुरालीजनों ने
आईटीबीपी जवान का दोपहर में ट्रेन से उतर कर रात में जहर खाने के पीछे कहीं ससुराल से कोई विवाद तो नहीं है। एसआई अनूप यादव के अनुसार उसके मोबाइल से हुई लास्ट काल के आधार पर किया गया फोन मृतक के ससुराल का ही था लेकिन सूचना के बाद भी वहां से न तो उसके घर का नंबर मिला और न कोई हैदरगढ़ आने को ही तैयार हुआ है। ससुराल वालों ने मृतक की पत्नी व उसके परिवारीजनों की कोई जानकारी नहीं दी है।
जवान के घर से अभी कोई नहीं आया है। आईटीबीपी के लोग आये थे। उनका जवान के पास मिला सामान दे दिया गया है। जवान का पोस्टमार्टम रविवार को होगा। शव के पास मिले सल्फास से लगता है कि जवान ने आत्महत्या की है।-एसपी सिंह, कोतवाल, हैदरगढ़।