लगातार उपद्रव और मारपीट से त्रस्त सिद्धौर में बुधवार को दिन भर शांति रही। कहीं कोई अप्रिय घटना नहीं हुई जिससे माहौल शांत होने लगा है। कस्बे में दुकानें भी लगभग 30 फीसदी खुली रहीं और रोज की तरह लोगों का आवागमन भी होने लगा।
कस्बा व आस पास गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए भारी पुलिस बल की तैनाती की गई है। एएसपी व सीओ अभी यहां पर लगातार कैंप कर रहे है। वहीं सांसद पीएल पुनिया ने कहा कप्तान की लापरवाही के कारण जिले के हालात बदतर हो रहे हैं।
सिद्धौर कस्बे में करीब एक सप्ताह पूर्व दो पक्षों में हुए विवाद के बाद माहौल खराब हो गया था। यहां पर दोनों पक्षों के बीच के लोगों में मारपीट में करीब 50 लोग चोटिल हुए थे।
इसके साथ ही आक्रोशित लोगों ने कई जगह पर आगजनी करने के साथ तोड़फोड़ भी की थी। मंगलवार को भी सिद्धौर में लोगों के बीच आक्रोश भड़का था जिसके बाद पुलिस ने स्थिति पर नियंत्रण किया था। बुधवार को सिद्धौर कस्बे में लगभग एक चौथाई दुकानदारों ने अपनी अपनी दुकानें खोली। इस दौरान लोग सड़कों पर निकले और जरूरी सामान की खरीददारी भी की।
दुकानदार सुरेंद्र नाथ, देवेंद्र, जियालाल, रामअचल, अमन, दीपू शिव, सिराज, मुन्ना, कलीम आदि ने अपनी अपनी दुकानें खोल रखी थी। इन सभी ने कहा कि यहां पर माहौल शांत है पर अफवाह फैलने पर अशांति होने लगती है सभी ने किसी भी अफवाह पर ध्यान न देने की एक दूसरे से अपील की है। वहीं दूसरी दोपहर बाद सांसद पीएल पुनिया ने क्षेत्र का दौरा किया। उन्होंने कहा कि पुलिस प्रशासन की लापरवाही से जिले के हालात लगातार खराब होते रहे हैं। इसके लिए सबसे ज्यादा दोषी जिले के कप्तान हैं।
एएसपी ने की बैठक, शांति बनाए रखने की अपील
सिद्घौर कस्बे में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए एएसपी शफीक अहमद ने यहां पर रहने वाले दोनों पक्षों के लोगों के साथ बैठक की।एएसपी ने लोगों से कहा कि किसी तरह की अफवाह पर ध्यान न देकर सभी लोग पूर्व की तरह अपने अपने काम करना शुरू करें।
कहा पुलिस हर समय मुस्तैद है यदि किसी को कोई दिक्कत है तो पुलिस को बताए। एडीएम हैदरगढ़ जीपी गुप्ता व सीओ आरपी सिंह ने भी सभी से शांति कायम रखने की बात कही। एसओ श्रीधर पाठक ने कहा कि आस पास के गांव के लोग किसी तरह की अफवाह पर ध्यान न दे कहा इससे माहौल खराब होता है। एसओ ने कहा पुलिस सिर्फ उन लोगों पर ही कार्रवाई करेगी जो माहौल खराब करने का प्रयास करेंगे।