भगवती नगर इलाके में जहरीला पदार्थ निगलने से हुई महिला की मौत के मामले में नया मोड़ आ गया है। पुलिस ने मृतक महिला के पति के खिलाफ उसे जहर निगलने के लिए मजबूर करने का मामला दर्ज किया है।
आरोपी पति को पुलिस ने गिरफ्तार कर उसके खिलाफ 306 में मामला दर्ज किया है। मृतका के परिवार वालों की मांग पर मंगलवार को पोस्टमार्टम नहीं होने के बाद बुधवार को डाक्टरों का बोर्ड बनाकर पोस्टमार्टम हुआ।
मृतका के मायके वालों ने जिला उपायुक्त से मांग करते हुए कहा कि उनकी बेटी मर नहीं सकती। उसको मारा गया है। इसके बाद जिला उपायुक्त ने बोर्ड बनाने का निर्देश दिया। बुधवार को दो महिला डाक्टरों और दो अन्य डाक्टरों के बोर्ड ने मृतका का पोस्टमार्टम किया।
केनाल रोड चौकी प्रभारी संदीप चाढ़क ने बताया कि पोस्टमार्टम करवाकर शव परिवार वालों को सौंप दिया गया है। महिला के पति हरजीत कुमार को गिरफ्तार कर लिया गया है। मंगलवार को महिला परमजीत ने अपने घर में जहर निगल लिया था, जिससे उसकी मौत हो गई।
इसके बाद महिला के मायके वाले अस्पताल पहुंचे और उन्होंने पुलिस से शिकायत की कि उन्हें बेटी की मौत पर आशंका है। उन्हें शक है कि उनकी बेटी के पति ने उसे मरने पर मजबूर किया है।